शनिवार, 19 मार्च 2022

 

                   


                     शैव सम्प्रदाय के संत:जंगम जोगी

                            शशि पाधा

                        *************

लोक एवं पारम्परिक कलाएँ-प्रथाएँ किसी भी देश की गौरवमयी संस्कृति की धरोहर हैं। भारत की समृद्ध संस्कृति के इतिहास के पन्नों में झाँक के देखें तो अनगिन उत्सव-मेले, लोक-गीत, तीज-त्योहार, रीति-रिवाज अपने विविध रंगरूपों में दिखाई देंगें। इनमें से कुछ समय की लम्बी दौड़ दौड़ते-दौड़ते थके-टूटे किसी पड़ाव पर आकर बैठ गये हैं और कुछ धीमी-धीमी चाल से चलते-चलते एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी के आँगन में कभी-कभी भूले-बिसरे अतिथि की तरह मिलने आ जाते हैं और अपनी खुशियों की पिटारी खोल के बैठ जाते हैं। मेरे मन के आँगन में भी यह आकर, मेरी अंगुली पकड़ कर मेरे अतीत के गलियारों में मुझे ले जाते हैं। ऐसे ही विशेष अतिथि हैं –जंगम योगी।

हर धार्मिक एवं पारम्परिक पर्व के साथ मेरी अपने बचपन की मधुर स्मृतियाँ जुड़ी हुई हैं। पूरे भारत वर्ष में महाशिवरात्रि का पर्व बड़ी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है। मेरे जन्म स्थान जम्मू की गलियों और मंदिरों में महाशिवरात्रि की शोभा कुछ भिन्न सी होती है। आइये देखते हैं महाशिवरात्रि के अवसर पर जम्मू नगर की झाँकी-----

शिवरात्रि के कुछ दिन पहले ही जम्मू की गलियों, चौराहों में इस विशेष सम्प्रदाय के साधु आना-जाना आरम्भ कर देते थे।  इनकी वेशभूषा भी विशेष होती थी। हम इन्हें जंगम बाबा के नाम से जानते थे। यह सिर पर दशनामी पगड़ी के साथ काली पट्टी पर तांबे-पीतल से बने गुलदान में मोर के पंखों का गुच्छ धारण करते थे। कपड़े पर सामने की ओर सर्प निशान के अतिरिक्त कॉलर वाले कुर्ते पहने और हाथ में खझड़ी, मजीरा, घंटियाँ लिए अन्य साधुओं से अलग ही दिखाई देते थे। अपनी अनूठी अभिनय संवाद शैली में यह शिव-पार्वती के विवाह की कहानी गायनशैली में इस तरह कहते थे कि सुनने वाला मंत्रमुग्ध हो जाता था। हम बच्चे इनकी संगीतमय कथा को सुनते हुए हर गली-चौराहों में इनके साथ-साथ चलते थे और इस रोचक अभिनय का आनन्द लेते थे। घर में जंगम की यात्रा को स्वयं भगवान शिव की यात्रा के रूप में माना जाता था और जंगम को अच्छी भिक्षा दी जाती थी। जाते-जाते जंगम जोगी हम सब को आशीर्वाद देते थे।

आइये, इन घुमन्तु जंगम जोगियों से आपकी पहचान कराऊँ -------

जंगम जोगी अपनी वेशभूषा एवं भिक्षा माँगने के विशेष ढंग के कारण बाकी साधु -संतों से अलग-थलग दिखाई देते हैं। ये जोगी शैव संप्रदाय से जुड़े होते हैं, जो सिर्फ शिवजी की पूजा-अर्चना करते हैं। प्रत्येक जंगम जोगी को शिवपुराण की कथा याद होती है। इनका भिक्षा लेने का ढंग भी बिलकुल भिन्न होता है। इनके अनुसार इनके आराध्य देव भगवान शिव ने कहा था कि कभी माया को हाथ में नहीं लेना, इसलिए ये भेंट या दान को हाथ से नहीं लेते, बल्कि अपनी घंटी को उलट करके उसी में दक्षिणा लेते हैं। देशभर में धार्मिक मेलों के दिनों में इस सम्प्रदाय के साधु धार्मिक स्थलों में जाकर शिव का गुणगान करते हैं और अखाड़ों में अन्य सम्प्रदायों के साधुओं के साथ मिल कर रहते हैं। जंगम संप्रदाय के देशभर में करीब पांच हजार गृहस्थ संत हैं। इनमें से अधिकाँश गृहस्थ संत अपने परिवारों के साथ रहते है और आजीविका के लिए खेती-बाड़ी या कोई अन्य कार्य करते हैं। जंगम शब्द ‘जड़’का विलोम शब्द है, जिसका अर्थ है चलने-फिरने वाला। ये योगी एक स्थान से दूसरे स्थान तक भ्रमण करते हैं और शिव-विवाह की कथा सुनाते हैं।

 

जंगम जोगियों के सम्प्रदाय की एक विशेषता यह भी है कि यह कभी अकेले भिक्षा माँगने नहीं आते, अपितु सदैव एक दल में आकर ही शिव-पार्वती की कथा सुनाते हैं। एक और विशेषता यह है कि सिर्फ जंगम साधु का बेटा ही जंगम साधु बन सकता है। हर पीढ़ी में, हर जंगम परिवार से एक सदस्य साधु बनता है, जिससे इनका कुनबा सदियों से बढ़ता चला आ रहा है। जंगम सम्प्रदाय के साधु अधिकतर पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में बसे हुए हैं।

 

इनकी उत्पत्ति कैसे हुई इस विषय में कई कथाएँ हैं। इनमें से सब से प्रचलित कथा यह है----

ऐसा मन जाता है कि इन साधुओं की उत्पत्ति भगवान् शिव की जाँघ से हुई थी। कहा जाता है कि जब शिव-पार्वती का विवाह हो रहा था तो भगवान शिव ने पहले विष्णु और फिर ब्रह्माजी को विवाह कराने हेतु दक्षिणा देनी चाही तो दोनों ने उसे स्वीकार नहीं किया। तब भगवान शिव ने अपनी जांघ काटकर जंगम साधुओं को उत्पन्न किया और फिर इन साधुओं ने ही महादेव से दक्षिणा लेकर शिव-पार्वती विवाह में गीत गाए और बाकी रस्में पूरी कराईं।  यही कारण है कि आज भी शिव पार्वती विवाह जैसे अनुष्ठान को कराने का अधिकार सिर्फ जंगम साधुओं के पास ही है।

जंगम जोगी भारत की लोक परम्परा का एक बहुत ही महत्वपूर्ण अंग हैं। अपनी अनुपम गायन शैली की परम्परा को सुरक्षित रखने का और इसे पीढ़ी दर पीढ़ी हस्तारण करने के लिए यह विशेष रूप से सराहना के पात्र हैं।

 

शशि पाधा

 

 

बुधवार, 2 मार्च 2022

 


जम्मू के जंगम जोगी

महाशिवरात्रि के पावन पर्व के अवसर पर --------

हर धार्मिक एवं पारम्परिक पर्व के साथ मेरी अपने बचपन की मधुर स्मृतियाँ जुड़ी हुई हैं| आज पूरे भारत वर्ष महाशिवरात्रि का पर्व बड़ी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है और मैं फिर से लौट गई हूँ अपने जन्म स्थान जम्मू की गलियों और मंदिरों में| चलिए मेरे साथ आप भी देखिये जम्मू की महाशिवरात्रि की शोभा ----

याद है शिवरात्रि के कुछ दिन पहले ही जम्मू की गलियों, चौराहों में एक विशेष सम्प्रदाय के साधु आना-जाना आरम्भ कर देते थे| इनकी वेशभूषा और भिक्षा माँगने का ढंग भी विशेष ही होता था| हम इन्हें जंगम बाबा के नाम से जानते थे| यह सिर पर दशनामी पगड़ी के साथ काली पट्टी पर तांबे-पीतल से बने गुलदान में मोर के पंखों का गुच्छ धारण करते थे । कपड़े पर सामने की ओर सर्प निशान के अतिरिक्त कॉलर वाले कुर्ते पहने और हाथ में खझड़ी, मजीरा, घंटियां लिए अन्य साधुओं से अलग ही दिखाई देते थे| अनूठी अभिनय संवाद शैली में यह शिव- पार्वती के विवाह की कहानी गायनशैली में इस तरह कहते थे कि सुनने वाला मंत्रमुग्ध हो जाता था। हम बच्चे इनकी संगीतमय कथा को सुनते हुए हर गली-चौराहों में इनके साथ-साथ चलते थे और इस रोचक अभिनय का आनन्द लेते थे| घर में जंगम की यात्रा को स्वयं भगवान शिव की यात्रा के रूप में माना जाता था और जंगम को अच्छी भिक्षा दी जाती थी|जाते जाते जंगम जोगी हम सब को आशीर्वाद देते थे|

शिवरात्रि की सुबह- सुबह नहा धो कर मंदिरों में शिव दर्शन और पूजन का सिलसिला आरम्भ हो जाता था| सब से पहले जम्मू शहर के मध्य में स्थित श्री रणवीरेश्वर मंदिर में विशाल शिवलिंग के दर्शन होते थे और उसके बाद मंदिर की परिक्रमा के परिसर में स्थापित 108 शिवलिंगों की पूजा अर्चना की जाती थी| उसके बाद लगभग 20-30 बड़ी-बड़ी सीढ़ियाँ उतर कर मैदान में लगे मेले में मौज मस्ती करते थे| हम बच्चों को उस दिन वहाँ से खूब से खिलौने उपहार के रूप में मिलते थे| साथ ही जलेबियाँ और अन्य प्रकार की मिठाइयाँ भी दोने में बिकती थीं, जिन्हें हमारे माता-पिता या बड़े भाई ख़रीद कर देते थे| उसे भगवान शिव का प्रसाद मान कर हम खुशी खुशी से खाते थे| उसके बाद ‘ पीरखोह’ मंदिर की गुफ़ा में सिर झुका के खड़े रह कर पूजा करने का एक अलग ही आनंद था ।

पूरा दिन मंदिरों के दर्शन में बीत जाता था| आप जानते हैं न कि – ----जम्मू को मंदिरों की नगरी कहा जाता है| हाँ! मैं उसी नगरी की लड़की हूँ| आप सब को महाशिवरात्रि की मंगल कामनाएँ|

शशि पाधा

* जंगम जोगियों की तस्वीर गूगल से साभार

 

रविवार, 12 दिसंबर 2021

 

                   जीवन में सफलता का रहस्य — भावनात्मक बुद्धिमत्ता

                                                                        शशि पाधा                                                                                                                                                                                                                      

 

जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में प्राणी सफलता के उच्चतम शिखर पर पहुँचने की अभिलाषा रखता है और इसके लिये वह निरन्तर प्रयत्नशील भी रहता है। आज तक केवल बुद्धि तथा प्रतिभा को ही जीवन की सफलता का सोपान समझा जाता रहा है। कुशाग्र बुद्धि वाले  बच्चे को देख कर यह मान लिया जाता था कि यह बच्चा बड़ा होकर अवश्य एक सफल अधिकारी बनेगा अथवा  उच्च पदासीन होकर जीवन यापन करेगा । किन्तु आज के प्रतिस्पर्द्धा के युग मे ऐसा देखा गया है कि यह आवश्यक नहीं है कि उच्च बौद्धिक स्तर वाले बच्चे ही आगे जाकर अपने कार्यक्षेत्र या व्यवसाय में सफल हों। ऐसे भी उदाहरण हैं कि कई मध्यम बुद्धि वाले लोग भी अपने व्यक्तित्व के अन्य गुणों के कारण सफलता की चर्म सीमा को छू लेते हैं।

 

वास्तव में ऐसा क्यों होता है ? सफलता में बौद्धिक स्तर के महत्व की धारणा को तोड़ने वाले हार्वर्ड विश्विद्यालय से मनोविझान में पी. एच्. डी. तथा विझान संबन्धी अनेक लेखों के लेखक डेनियल गोलमेन हैं । इन्होंने सन् १९९५ में अपनी पुस्तक "इमोशनल इंटैलिजेन्स -व्हाई इट कैन मैटर मोर दैन आई क्यु" में तथा पुन: "व्हेयर मेक्स ए लीडर" में यह स्पष्ट किया है कि जीवन मे प्रतिभा एवं बुद्धि के महत्व को नकारा नहीं जा सकता, किन्तु जीवन पथ पर अग्रसर होने के लिए एवं सफलता प्राप्त करने के लिए प्रतिभा के साथ-साथ भावनात्मक बुद्धिमत्ता का होना आवश्यक है। यानी कोई भी प्रतिभावान व्यक्ति अगर भावनात्मक स्तर पर भी परिपक्व होगा तो दोनों गुण सोने पे सुहागा जैसे कार्य करेंगे। इस विषय में एक बात अत्यन्त महत्त्वपूर्ण है कि बौद्धिक स्तर जन्मजात तथा वंशानुगत हो सकता है किन्तु भावनात्मक बुद्धिमत्ता का विकास किया जा सकता है।

 

भावनात्मक बुद्धिमत्ता से तात्पर्य यह है कि मनुष्य अपनी निजी भावनाओं जैसे क्रोध, उद्वेग, खुशी, तनाव आदि को पहचान कर उन्हें इस तरह से संयमित एवं निर्देशित करे कि वे उसकी सफलता तथा उद्देश्य पूर्ति में सहायक हो सकें। वह अपनी प्रतिभा तथा भावनात्मक योग्यता के अनुसार जीवन के हर क्षेत्र में परिश्रम करते हुए अपने व्यावहारिक तथा व्यावसायिक जीवन में भी दूसरों की भावनाओं को समझ कर समझदारी से प्रतिक्रिया करे। वास्तव में अपनी भावनाओं की सही पहचान एवं उनका सही दिशा की ओर निर्देशन करना ही भावनात्मक बुद्धिमत्ता है।

 

समाज, परिवार एवं कार्यक्षेत्र में किसी व्यक्ति की अभिप्रायपूर्ण ढंग से कार्य करने, विवेकपूर्ण ढंग से सोचने और अपने वातावरण के साथ प्रभावपूर्ण ढंग से निपटने की योग्यता का योगफल अथवा सार्वभौम योग्यता को भावनात्मक बुद्धिमत्ता कहा जा सकता है।

 

मानव के मस्तिष्क का सही विश्लेषन करें तो पता चलता है कि उसके दो भाग हैं। बायें भाग में तर्क बुद्धि है तथा दायें भाग के द्वारा मनुष्य अन्त:करण की आवाज़ को सुनता और परखता है। दोनों भाग एक दूसरे पर आश्रित हैं और दोनों का सामंजस्य ही मनुष्य के सफल जीवन की पूँजी है।

 

भावनात्मक बुद्धिस्तर के विकास के लिये पाँच मुख्य गुणों का विकास अत्यावश्यक है —

 

१. खुद की पहचान — जब मनुष्य अपनी निजी भावनाओं को तथा उनके कारणों को पहचान कर उन्हें सही तरह से निर्देशित करता है तो वे पग -पग पर उसकी सहायक बन जाती हैं । यह आत्मविश्लेषण का गुण भावनात्मक बुद्धिमत्ता का प्रथम सोपान है। ऐसा व्यक्ति अपनी योग्यताओं एवं कमियों का सही मूल्यांकन करके अपने सहयोगियों द्वारा समय-समय पर दिये गये सुझावों का स्वागत करता है। ऐसे व्यक्ति की परख करने के लिये यह देखा जाता है कि वह सुख-दुख, तनाव-खुशी आदि पर कैसी प्रतिक्रिया करता है, आस पास के परिवेश मे अपने आप को कितना ढालने की चेष्टा करता है तथा अपनी जिम्मेवारियों का निर्वाह कितनी कर्त्तव्य  परायणता से करता है। ऐसे व्यक्ति में अदम्य आत्म विश्वास होता है तथा वह अपने विचारों को तटस्थता के साथ व्यक्त करने में संकोच नहीं करता।

 

२. आत्म संयम — अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रख कर किसी भी परिस्थिति में शान्त रहना, नकारात्मक विचारों को पीछे धकेल कर सकारत्मक विचारों के सहारे कार्यकुशलता का परिचय देना ही आत्मसयंम अथवा आत्म नियंत्रण है । इस विषय में यह आवश्यक हो जाता है कि मनुष्य क्रोध, उत्तेजना, अनिर्णय आदि दृष्टिकोण, अनिष्ठा, तनाव आदि नकारात्मक विचारों  पर विजय पाकर संयम, विश्वसनीयता, कार्यसंलग्नता आदि सकारात्मक गुणों का विकास करता है। ऐसा व्यक्ति कार्य के प्रति पूर्ण समर्पित रहकर अन्तरात्मा  के आदेशों को समझ कर अपनी योग्यतानुसार कार्यप्रणाली में बदलाव लाने तथा नवीन प्रयोग करने में भी संकोच नहीं करता।

 

३. संवेदनशीलता — दूसरों की भावनाओं को समझना और उनका आदर करना भावनात्मक बुद्धिमत्ता का एक प्रमुख गुण है। मनुष्य जब यह पहचान लेता है कि उसकी व्यक्तिगत भावनाओं का उसकी कार्यप्रणाली एवं कार्यक्षेत्र पर क्या असर पड़ता है तथा वो अपने सहयोगियों की भावनाओं, योग्यताओं तथा विचारों का आदर करते हुए समझदारी से एक अटूट संगठन बना कर चलता है तो हर क्षेत्र में उसे मित्रों तथा सहयोगियों का सहयोग ही मिलेगा।

 

४. प्रेरणा शक्ति — भगवत् गीता में लिखा है "फल की चिन्ता किये बिना एकाग्रचित्त होकर, तन्मयता से कार्य की ओर समर्पित रहना चाहिए।" भावनात्मक बुद्धिमत्ता रखने वाला व्यक्ति भी कार्य के प्रति पूर्णतय: समर्पित रहकर परिश्रम, उद्यम, तथा लगन से अपना कार्य करता जाता है तथा फल की चिन्ता की ओर ध्यान नहीं लगाता। बौद्धिक तथा भावनात्मक बुद्धिमत्ता का सामंजस्य रखने वाले लोग कार्य को शुरू करने से घबराते नहीं अपितु उनमें कार्य करने का अदम्य उत्साह होता है। वे अपनी लगन एवं उत्साह से अपने सहयोगियों को भी प्रेरित करते रहते हैं।

 

५. सामाजिक व्यवहार कुशलता — समाज की विभिन्न इकाइयों, समुदायों के साथ सौहार्दपूर्ण संबन्ध स्थापित करके कुशलता से सहयोगियों तथा मित्रों को साथ ले कर चलने वाला व्यक्ति भावनात्मक स्तर पर परिपक्व माना जाता है। अपने उद्देश्य की प्राप्ति की ओर संलग्न ऐसा व्यक्ति  दूसरों से सहयोग की आशा रखते हुये स्वयं भी सदैव सहयोग के लिये तत्पर रहता है। ऐसे व्यक्ति का प्रभावमय व्यक्तित्व होता है और वह खुले दिल से विचारों का आदान प्रदान करता है। ऐसे प्रभावी व्यक्ति नये-नये प्रयोग करने से भी सकुचाते नहीं हैं । वे विश्व में औद्योगिकी जगत में तथा समाज में आने वाले बदलाव के प्रति जागरूक रहते हैं।

 

आज के प्रतिस्पर्द्धा  के युग में कुछ  विद्यार्थी बौद्धिक योग्यता के अनुसार परिश्रम करते हुए परीक्षा में तो अच्छे अंक पाते  हैं किन्तु नौकरी के लिये साक्षात्कार के समय या कार्यक्षेत्र में सफल नहीं हो पाते हैं। आज के औद्यौगिक घराने या मल्टीनेशनल कंपनियाँ साक्षात्कार के समय आवेदक की केवल शैक्षिक अथवा बौद्धिक योग्यता नहीं देखतीं अपितु आवेदक की व्यावहारिक एवं व्यावसायिक योग्यता भी परखती है । जब यह बात सत्य है कि भावनात्मक बुद्धिमत्ता का विकास किया जा सकता है तो बच्चों को भावनात्मक रूप से परिपक्व बनाने के लिये माता पिता, गुरुजन एवं समाज के सही योगदान की आवश्यकता है। इसके लिये घर का स्नेहपूर्ण वातावरण, माता-पिता का आपस में प्रेम तथा आदरपूर्ण व्यवहार, बच्चों की भावनाओं का आदर तथा उन्हें अपने विचार व्यक्त करने की छूट देने की आवश्यकता है। जो बच्चे बचपन से ही हँसी खुशी वाले घर में, प्रेरणा देने वाले अध्यापक एवं प्रबुद्ध तथा प्रगतिशील समाज की देख रेख में पलते हैं, उनकी बुद्धि का चहुँमुखी विकास होता है और सफलता हर क्षेत्र में उनके कदम चूमती है।

 

 

गोलमेन" की यह महत्त्वपूर्ण खोज कि ‘प्रतिभा के साथ भावनात्मक विकास होना आवश्यक है’----- भारतवासियों के लिए कोई नयी बात नहीं। हमारे पौराणिक ग्रन्थों में भी इन्द्रियों पर संयम, मन पर नियंत्रण, सहिष्णुता, संवेदनशीलता, आत्मशान्ति तथा आत्मविश्लेषण के विषय में खूब लिखा गया है। मन की चंचलता पर काबू पाकर अपनी इन्द्रियों को सही दिशा की और लगाना ही सही मायने में "योग" और "ध्यान" है। अत: आज के युग में हम अपने ग्रन्थों से प्रेरणा लेकर इस दिशा की और सही कदम  बढ़ायें तो हर क्षेत्र  में सफल हो सकते है । भावनात्मक बुद्धि अथवा समझ की सार्थकता इस बात में है कि इसके माध्यम से मानवीय संबंध स्वस्थ और बेहतर बनाए जा सकते हैं। साथ ही इसकी महत्ता इस बात में भी है कि इसके सहारे जीवन से जुड़ी चुनौतियों से जूझने तथा इन चुनौतियों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखकर समस्याओं के समाधान में मदद मिलती है। संक्षेप में भावनात्मक बुद्धि हमें एक बेहतर जीवन जीने की क्षमता प्रदान करती है।

-0-