शुक्रवार, 2 जुलाई 2021

 





                                   मिट्टी का मोह

                                           शशि पाधा

 

वर्ष 1965 के भारत- पाकिस्तान के घमासान युद्ध के साथ अनेक सामरिक तथ्य और कहानियाँ जुड़ी हुई हैं| यह वो महत्वपूर्ण युद्ध है जब भारत की शूरवीर सेना ने पाकिस्तान के बहुत से इलाके जीत कर भारत की विजयभूमि के साथ जोड़ दिए थे| पाठकों के लिए इस युद्ध के पहले के इतिहास को जानना आवश्यक है|

पाकिस्तान ने वर्ष 1965 में  ‘ऑपरेशन जिब्राल्टर’ आरम्भ किया था जो पाकिस्तान द्वारा जम्मू-कश्मीर में अशांति फैलाने की रणनीति का सांकेतिक नाम था (Code word)|. Operation Gibraltar  की योजना के अनुसार  अगस्त के महीने में  पाकिस्तान ने अपनी नियमित सेना के सैनिकों के साथ लगभग 1500  घुसपैठियों को  मिला कर कश्मीर घाटी में प्रवेश किया था| पाकिस्तान को यह भ्रम था कि यह लड़ाई केवल युद्ध विराम रेखा के अंदर ही रहेगी और भारत कभी भी अन्तर्राष्ट्रीय सीमा रेखा पर युद्ध नहीं छेड़ेगा| इसके सफल होने पर, पाकिस्तान को कश्मीर पर नियंत्रण हासिल करने की उम्मीद थी, लेकिन इस अभियान में उसे बड़ी विफलता का सामना करना पड़ा| (मैं अपने पाठकों को अवगत करा दूँ कि जम्मू-कश्मीर से सटी पाकिस्तान के सीमा क्षेत्र को ‘युद्ध विराम रेखा’ के नाम से जाना जाता है और पंजाब के बाद के सीमा क्षेत्र को ‘अंतर्राष्ट्रीय सीमा रेखा’ के नाम से पहचाना जाता है|)

 जैसे ही भारत के राजनेताओं को ‘ऑपरेशन जिब्राल्टर’ का पता चला, भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री ने बिना समय गँवाए अंतर्राष्ट्रीय सीमा रेखा पर पाकिस्तान के विरुद्ध युद्ध के मोर्चे खोल दिए|यह युद्ध 6 सितम्बर से 23 सितम्बर तक चला | इस युद्ध में दोनों देशों की बहुत हानि हुई, बहुत से वीरों को अपनी जान गँवानी पड़ी और सैंकड़ों घर, गाँव तबाही की चपेट में आ गए| इस युद्ध का अंत संयुक्त राष्ट्र के द्वारा युध्ह विराम की घोषणा के बाद ही हुआ|

इस भयानक युद्ध के दो महत्वपूर्ण मोर्चों पर दो नगर बसे हुए थे ----- भारत की सीमा से सटा अमृतसर, और पाकिस्तान की सीमा से सटा हुआ लाहौर| सामरिक महत्व के इन दोनों नगरों के बीच बड़ी शान्ति से बहती थी ‘इच्छोगिल नहर’|

  इच्छोगिल नहर के उस पार का भू भाग था पाकिस्तान और इस पार की धरती थी भारत| इसी नहर के किनारे पर बसा हुआ ‘बर्की गाँव’ लाहौर से लगभग 13/14 किलोमीटर दूर था| युद्ध के समय भारतीय सेना वहाँ तक पहुँच गई थी| अब यह क्षेत्र और इसके आस पास के क्षेत्र भारतीय सेना के अधीन थे| उस समय मेरे पति अपनी यूनिट के साथ इसी क्षेत्र में तैनात थे| जब युद्ध अपने पूरे वेग पर था तो बर्की गाँव के निवासी अपनी सुरक्षा के लिए गाँव छोड़ कर किन्हीं सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए थे| किन्तु कुछ बूढ़े, बीमार और असहाय लोग अपना गाँव छोड़ कर नहीं जाना चाहते थे|

 23 सितम्बर को युद्ध विराम की घोषणा भी हो गई थी| अब बरकी गाँव के बचे-खुचे निवासी भारतीय सेना के मेहमान थे| भारतीय सैनिक उनकी सेवा करते, उन्हें दवा-दारू देते और हर परिस्थिति में उनकी सहायता करते| रोज़-रोज़ मिलने के कारण भारतीय सैनिकों का पाकिस्तान के गाँवों में बसे उन लोगों से भावनात्मक सम्बन्ध जुड़ गया था| आखिर मनुष्य तो मनुष्य का शत्रु नहीं होता है| युद्ध तो कराते हैं राजनेता जिन्हें अपनी पदवी की स्थिरता के डाँवाडोल होने का सदैव भय ही रहता है|

   इसी गाँव में रहने वाले एक वृद्ध दम्पति किसी भी हालत में अपना गाँव छोड़ कर नहीं जाना चाहते थे| वृद्ध पुरुष का नाम था चिरागदीन| उनकी पत्नी काफी अस्वस्थ थीं और वो कहीं जाने में असमर्थ थीं| उन्हें शायद शान्ति की आशा भी थी| उनकी कमज़ोर और असहाय परिस्थिति को देख कर हमारे सैनिक नियमित रूप से उनके लिए भोजन ले जाते थे| उनके साथ समय बिता कर कई पुरानी कहानियों का आदान प्रदान होता था| वे विभाजन से पहले की बहुत सी यादें हमारे सैनिकों के साथ बाँटते और भावुक हो जाते थे|

एक दिन मेरे पति इस दम्पति से मिलने इनके घर गए तो बातचीत के दौरान चिरागदीन ने इन्हें बताया कि उसका जन्म पंजाब के जालन्धर जिले के किसी गाँव में हुआ था और उसे अपने जन्मस्थान की, अपने बचपन के घर की बहुत याद सताती रहती थी| यह बात कहते हुए मेरे पति ने देखा कि उस वृद्ध की आँखें अश्रुपूर्ण थी| उस दिन की मुलाक़ात के बाद मेरे पति ने जब चिरागदीन से पूछा कि क्या उन्हें किसी चीज़ की ज़रुरत है तो उसने हाथ जोड़ कर कहा, “ साहब जी! इस उम्र में अब किसी चीज़ की क्या ज़रुरत है| वैसे भी आपके सैनिक हमारी हर प्रकार से सहायता कर ही रहे है|”

उनसे विदा लेते हुए मेरे पति को ऐसा आभास हो रहा था कि वे इससे अधिक और भी कुछ कहना चाहते हैं और कहने में सकुचा रहे हैं| इन्होंने बड़े आदर से चिरागदीन से कहा, “ बाबा! कुछ है मन में तो बताइए, झिझकिए मत|”

इनके सांत्वना और आत्मीयता से भीगे शब्द सुन कर चिरागदीन की आँखों में एक चमक सी आ गई| उन्होंने बड़ी आशा के साथ इनसे कहा, “ साहब जी! आप मुझे एक बार मेरे गाँव में ले जाइए | मैं मरने से पहले अपना जन्म स्थान देखना  चाहता हूँ |” और वो बड़ी आस भरी दृष्टि से इनकी ओर देखता रहा|

 उसकी इच्छा पूरी करने में कुछ कठिनाइयाँ तो थी किन्तु मेरे सहृदय पति ने एक दिन उसे एक फौजी जेकेट पहनाई, गाड़ी में बिठाया और ले गए उसे उसके गाँव जो पंजाब के जालन्धर नगर के आस-पास कहीं पर था| अपने गाँव को देख कर चिरागदीन बहुत भावुक हो गया| वो गाड़ी से नीचे उतर कर कितनी देर तक गाँव की गलियों में घूमता रहा| उस समय उसकी चाल में बच्चों जैसी उत्सुकता थी| बहुत से पुराने लोगों से वो अपने घर का पता पूछता रहा| उसकी पीढ़ी का शायद कोई नहीं बचा था उस गाँव में |उसे अपना घर तो नहीं मिला लेकिन घर के आस-पास के पुराने वृक्षों में वह अपना बचपन ढूँढता रहा|

मेरे पति ने परिहास में उससे कहा, “ बाबा! आराम से खेलिए इन गलियों मे| यहाँ से कोई आपको बंदी बना के नहीं ले जा सकता| आप ने जितना समय यहाँ बिताना है, बिताइए|”

वहाँ कितना समय बीता यह तो उस गाँव की गलियाँ और पुराने पेड़ ही बता सकते हैं| इस भावुक दृश्य के या तो वही गवाह थे और या थे मेरे पति| जैसे ही वापिस आने का समय हुआ, चिरागदीन ने अपने पैतृक गाँव की मिट्टी अपने दोनों हाथों में भर ली. उस मिट्टी को आँखों से लगाते हुए चिरागदीन ने भीगे हुए स्वरों में कहा, “ साहब जी! अगर देश का बंटवारा नहीं होता तो आज मैं इसी धरती पर खड़ा होता और अंत समय पर इसी मिट्टी में ही समा जाता|”

यह कहते हुए उसने उस मिट्टी को अपनी चादर के कोने में बाँध लिया| उस समय उसकी मानसिक परिस्थिति को मैं शब्द नहीं दे सकती| आप केवल उसे महसूस कर सकते हैं| वापिसी के सारे रास्ते पर चिरागदीन अपनी चादर के कोने में स्रुक्षित बंधी मिट्टी को बार बार छूता रहा| मानो अपने आपको भरोसा दे रहा हो कि उसकी सब से अमूल्य निधि उसके पास है| वापिस आकर जब मेरे पति ने उससे विदा ली तो उसने दोनों हाथ आसमान की ओर उठा कर इन्हें दीर्घ आयु का आशीर्वाद दिया और बड़ी आशा से इनसे पूछा, “ साहब जी!, क्या कभी ऐसा हो सकता है कि दोनों देश फिर से एक हो जाएँ?”

इस प्रश्न का उत्तर मेरे पति के पास भी नहीं था| इन्होने भी बस आकाश की ओर हाथ उठा कर विश्व शान्ति के लिए प्रार्थना ही की|

 लगभग छह महीनों के बाद ताशकंद समझौते के बाद भारतीय सेना को यह क्षेत्र पाकिस्तान को वापिस लौटाना था| मेरे पति इस वृद्ध दम्पति से मिलने गए| उन्होंने बड़े स्नेह से इन्हें गले लगाया, तस्वीर लेने को कहा और साथ में भेंट किया एक मिटटी का कटोरा और कुरान शरीफ की एक प्रति| विदा के समय दोनों की आँखें नम थीं| बंटवारा फिर से हो रहा था| सीमा रेखाएँ एक बार पुन: नक्शों पर खींची जा रहीं थी| किन्तु उस समय बर्की के उस छोटे से गाँव में केवल आपसी स्नेह, सद्भावना और मानवता की शीतल मंद हवा झूम रही थी|

यह दोनों उपहार कितने वर्षों तक हमारे घर सामान के साथ बंधे घूमते रहे| अपने ४० वर्ष के सैनिक जीवन में हमने कितने घर बदले, कितन नगर घूमे, इसकी कोई गिनती नहीं कर सकती| कुछ चीज़ें कहाँ खो गईं, पता ही नहीं चला| किन्तु कुछ तस्वीरों में हमारा कल अभी भी सुरक्षित है और उसी पिटारी से आज कुछ तस्वीरें आप के साथ साझा करते हुए मैं स्वयं भावुक हो रही हूँ|

 अब आप ही बताएँ कि इस युद्ध में किसकी हार हुई और किसकी जीत ?????

 

                       -----------------------0--------------------

 

ईमेल:  shashipadha@gmail.com


      

  

       


 



 डेस्क--- एक धरोहर 

                                               संस्मरण -शशि पाधा 

मन की गठरी खोली तो रुई के फाहों की तरह उड़ने लगी अतीत की स्मृतियाँ | बहुत कुछ उड़ता रहा और कुछ मेरे हाथ आया | हाथ आई उन सुधियों की एक कड़ी ----

हमारा परिवार सम्पन्न नहीं था लेकिन ख़ुशहाल था | बहुत कुछ नहीं था लेकिन चैन और संतुष्टि थी | अब सोचती हूँ तो लगता है कि सरस्वती माँ का निरंतर वास था वहाँ | गीत-संगीत, पुस्तकें -पत्रिकाएँ, पांडुलिपियाँ हमारे घर की निधियाँ थी | छोटे से आँगन में फल भी थे और फूल भी | वैसे कहने को लोहे का गेट था लेकिन अतिथियों का , मित्रों का आना-जाना इतना था कि गेट खुला ज़्यादा, बंद कम ही रहता था | वो दिन ही और थे | कोई पूछ के तो आता नहीं था और एक बार आ जाए तो उसका जाने का मन नहीं होता था | कुछ ऐसा सम्मोहन था उस घर का |

 मेरे उस घर में सुबह-शाम पूजा अर्चना तो होती ही थी लेकिन भजन संगीत रेडियो पर चलता ही रहता था | पिता मर्यादा पुरुषोतम राम के भक्त थे और माँ बाल गोपाल की | भाई शिव भक्त थे और हम छोटी बहनें माँ दुर्गा की | यूँ समझिये कि सारे ही देवी देवता हमारे अपने थे |घर में बहुत सी चीजें तो नहीं थी पर ज़रुरत की लगभग सारी थीं| कभी किसी चीज़ की कमी का आभास नहीं हुआ | यानी हमारा घर खुशियों से भरा था | घर की हर चीज़ का उतना ही आदर किया जाता था जितना घर के हर सदस्य का | चीज़ें भी सदस्य ही थीं क्यूँकि हर चीज़ के साथ कोई न कोई कथा-कहानी जुड़ी थी |

 हमारे घर में एक भी godrej की अलमारी नहीं थी और न ही किसी ट्रंक में कभी ताला लगा देखा | शायद उन दिनों ताले का रिवाज़ नहीं था या हमारे माता -पिता ने इसकी आवश्यकता ही नहीं समझी | घर की सब से मूल्यवान या यूँ कहूँ कि आदरयोग्य वस्तु थी मेरे पिता का डेस्क |

मेरे पिता एक प्रोफेसर थे इसलिए लिखने-पढ़ने का काम उनका शौक भी था और जीविका का साधन भी | उनके  लिखने के लिए एक डेस्क था | ऐसा डेस्क नहीं जैसा विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए होता है | उनका डेस्क वैसा था जैसा आपने फिल्मों में मुंशी जी के आगे या किसी सुनार की गद्दी के आगे रखा देखा होगा | छोटे छोटे चार पायों के ऊपर छोटे से बक्सेनुमा आकार का था लेकिन उसका ढक्कन थोड़ा ढलान देकर जोड़ा गया था | ऊपर कलम, पेन, दवात आदि रखने की जगह भी बनाई गई थी | मज़ेदार बात यह है कि इस डेस्क पर छोटा सा ताला लगा रहता था | पता नहीं क्यूँ ? क्यूँकि चाबी तो उसके साथ ही टंगी रहती थी | कोई खोलता ही नहीं था इसे | ऐसा ही अनकहा / अनलिखा अनुशासन था हमारे घर में |

वैसे तो यह डेस्क आकार में छोटा सा था लेकिन उसका उदर बड़ा था | यानी ज़रुरत की हर चीज़ उसमें विराजमान रहती थी | पेन,पेंसिलें, रूपये -पैसे , हम सब की जन्मपत्रियाँ,घर/ ज़मीन के आवश्यक कागज़ | और पता नहीं क्या-क्या| कभी टटोल के देखा ही नहीं | डेस्क के एक ओर पड़ी रहती थी मेरे पिता के नाम की मोहर,लाख ,छोटी सी मोमबत्ती| अब आप पूछेंगे मोहर और लाख क्यूँ भला ! 

मेरे पिता प्रोफ़ेसर थे और परीक्षक भी | बहुत से विश्विद्यालयों से उन्हें परीक्षा पत्र जाँच के लिए आते थे | जाँच के बाद इन परीक्षा पत्रों को खद्दर की एक थैली में बंद कर के, थैली को ऊपर से सी दिया जाता था | उस थैली की सिलाई पर थोड़े थोड़े फ़ासले के बाद मोहर लगा कर उसे सील कर दिया जाता था | इस कुशल कार्य में मैं अपने पिता की सहायक होती थी | मैं मोमबत्ती पर लाख पिघला कर थैली पर फैला देती और पिता जी झट से उस पर मोहर लगा देते | मुझे लगता जैसे मैंने अपनी आयु से बड़ा काम करना सीख लिया है |अब सोचती हूँ तो लगता है जाने कितने विद्यार्थियों के  भविष्य पर मोहर लगती थी इस प्रक्रिया में | 

वैसे तो पिता जी कोई वैद नहीं थे लेकिन स्वास्थ्य के लिए लाभप्रद कुछ पुड़ियाँ  वह इस डेस्क में रखते ही थे | ज़्यादा नाम तो याद नहीं लेकिन कुछ-कुछ गिना देती हूँ | जैसे – स्वर्ण भस्म, मोती-मूंगा भस्म, सूखे आंवले की भस्म | शायद और भी कुछ होता होगा | हाँ ! एक चीज़ और याद आई --- चाँदी के वर्क | वैसे तो आंवले और आम का मुरब्बा हम सभी खाते ही थे लेकिन जब कोई विशेष दिन होता या विशेष अतिथि आता तो उन को परोसे  गए मुरब्बे पर चाँदी का वर्क अवश्य लगाया जाता | ना! ना! याद आया कि जिस दिन खीर या फिरनी बनती थी, उस दिन भी |

इसी डेस्क के किसी कोने में सुरक्षित रखे रहते थे माँ के कुछ जेवर | कुछ इसलिए क्यूँकि दो बड़ी बेटियों और बेटे की शादी में जेवर बनवाने के लिए इसी कोने से कुछ न कुछ निकला होगा | और हाँ मुझे पता है कि माँ की नत्थ, माथे का टीका, दो जोड़ी झुमके, दो कंगन और कुछ अंगूठियाँ वहीं रखी थीं | पता इसलिए है कि घर में और कहीं ताला लगता नहीं था तो अंदाज़ से कह सकती हूँ | और क्या-क्या था, इसके विषय में कभी सोचा ही नहीं | हमारे लिए तो यह डेस्क ही बहुत ही मूल्यवान और महत्वपूर्ण चीज़ थी |

इसी डेस्क में रखे रहते थे चाँदी के रूपये ( सिक्के ) | याद आ रहा है कि उन सिक्कों पर माँ लक्ष्मी की तस्वीर होती थी | हर दीपावली पर इन्हें निकल कर साफ़ किया जाता था और पूजा के समय ठाकुर द्वारे में रखा जाता था | मेरे पिता महाराजा हरि सिंह और महाराजा कर्ण सिंह के समय उनके परिवार के धार्मिक अनुष्ठानों , जन्मोत्सवों में सादर आमंत्रित रहते थे | डॉ कर्ण सिंह के विवाह समारोह में भी वह मुम्बई में आमंत्रित थे | उन्हीं धार्मिक अनुष्ठानों में भेंट की हुई कुछ वस्तुएँ, कुछ तस्वीरें  भी उस छोटे से डेस्क में धरोहर के रूप में रखी रहती  थीं  |अब यह याद आता है कि मेरे मायके में जितना मान मेरे पिता का था , उतना ही शायद उनके डेस्क का भी था |

एक दिन अचानक ह्रदयाघात से पिता जी इस संसार को छोड़ कर चले गये | बहुत कठिन था उनकी वस्तुओं को संभालना | एक शाम मेरे भाई ने माँ से कहा , “पिता जी का डेस्क खोलें?” बैंक, ज़मीन, पेंशन आदि के कागज़ देख लेते हैं |”

मुझे याद है माँ ने केवल सिर हिला कर हामी भरी थी | भाई इस डेस्क को लेकर बैठक में आये | हम सब भाई-बहन नम आँखों से उसे देख रहे थे | मेरी बड़ी बहन (जिसे हम प्यार से बोबो कहते हैं) ने डेस्क पर अपना कोमल हाथ रखा | बड़े धीमे स्वर में बोबो ने कहा, “ मेरा बचपन इस डेस्क के आस पास खेलते ही बीता है | इसे कभी किसी को नहीं देना | यह हम सब की धरोहर है | पिता जी की अमूल्य निशानी |” 

 उस क्षण मैंने अपनी माँ को पहली बार फफ़क -फफ़क कर रोते देखा |पिता जी के स्वर्गवास को 13 दिन हो गये थे | मैंने अपनी विदुषी, संस्कारी, शालीनता की प्रतिमूर्ति  माँ को इन  13 दिनों में कभी रोते नहीं देखा था | वह केवल शून्य में ताकती थीं | जाने कितनी स्मृतियाँ जुड़ी होंगी उनकी इस डेस्क के साथ| मेरे माता-पिता के जीवन के उतार-चढ़ाव, सुख-दुःख के हर पल का मूक साक्षी जो था वह डेस्क |याद है कि उस दिन वह डेस्क नहीं खोला गया था |  

समय के साथ बहुत सी नई चीज़ें आईं मेरी माँ के घर में और बहुत सी निकली भी होंगी | लेकिन यह डेस्क अभी भी पड़ा है कमरे के उसी कोने में जहाँ शायद 100 वर्ष पहले मेरे पिता ने रखा था |

शशि पाधा 

इमेल : Shashipadha@gmail.com 

 



 


 





 

हमारे जम्मू में एक त्योहार है— तमदे या धर्म ध्याढ़ा | यानी धर्म का दिन| यह त्यौहार जून के महीने में आता है | इस दिन माँ ब्याही बेटी के घर घड़ा , चीनी , फल आदि भेजती है । साथ में आती है पंखी । मेरी बेटी को गर्मी न लगे , शायद यही सोच के । मुझे भी पंखी आती थी और हर बार कुछ नए रूप में सजी संवरी होती थी | मैंने उन्हीं भावों को शब्दों में ढाला था कुछ वर्ष पहले । अब इसे अपने मीठे सुरों से सजाया है मेरी प्यारी सी भतीजी देवी - प्रतिमा शर्मा ने । लीजिए आप भी सुनिए । धन्यवाद देवी ! Pratima Sharma बिटिया |

 



‘रूट्ट-राह्ड़े
(जम्मू का पौराणिक सांस्कृतिक त्योहार)
भारत के लोक जीवन में श्रावण मास का विशेष महत्व है |हिन्दू कैलेंडर के अनुसार श्रावण मास वर्ष का पांचवां माह होता है। अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार यह जुन-जुलाई के बीच आता है। श्रावण और भाद्रपद 'वर्षा ऋतु' के मास हैं। वर्षा नया जीवन लेकर आती है। मोर अपनी नृत्य भंगिमाओं के साथ वनों-उपवनों में वर्षा का स्वागत करते हैं | श्रवण मास का धार्मिक महत्व भी है | इस माह में हरियाली तीज,नाग पंचमी, रक्षा बंधन,कुमाऊँ क्षेत्र में ‘हरेला’ पर्व आदि धार्मिक एवं पौराणिक पर्व मनाये जाते हैं | भारत एक विशाल देश है | इसमें कई धर्म, कई संस्कृतियाँ पलती और फूलती आई हैं |और इन संस्कृतियों को एक लड़ी में पिरोते हैं हमारे त्योहार |
मैं जम्मू की हूँ | मेरी सुधियों की पोटली में बहुत से मेरे बचपन के खेल, लोकगीत और त्योहार हैं | एक त्योहार जिसकी सुधी मुझे हर श्रवण मास में आकर आनन्दित करती है उसका मेरी डोगरी भाषा में नाम है ---‘रूट्ट-राह्ड़े’|इसका शाब्दिक अर्थ तो मुझे पता नहीं लेकिन इसके साथ जुड़ी हर याद को आपके साथ साझा कर रही हूँ |
जम्मू क्षेत्र में यह त्योहार श्रावण मास की संक्रान्ति को मनाया जाता है | डोगरा बालिकाएँ घर- आँगन, या घर के पास किसी खुले -कच्चे स्थान में मिट्टी को हल्का सा खोद कर मिट्टी के फूटे घड़ों के मुख भाग को मिट्टी को हल्का सा खोद कर उसमें हल्का सा दबा देती हैं और उसमें चावल , बाजरा, तिल, उड़द, चारी आदि के बीज बो देती हैं|मुझे याद है मेरे बचपन के घर की छत कच्ची थी | हम सखियाँ वहीं पर राह्ड़े बीजती थीं |बीजने के बाद जो सब से मनोरंजक काम होता था, वह था राह्डों के इर्द-गिर्द सूखे रंगों से चित्र बनाना | यह सूखे रंग भी शायद हमारी बड़ी बूढ़ियाँ चावल पीस कर उसमें कहीं हल्दी , कहीं सूखी पत्तियों का चूरा,, कोयला पीस कर काला, पीले फूल पीस कर पीला आदि कई तरह के रंग हमें बना के दे देती थीं | अब तो शायद बाजारी रंगों का चलन होगा | विदेश में रह कर नहीं जानती |
अब इस त्योहार का कलात्मक कार्य शुरू होता था | लड़कियाँ अपने अपने राह्डों के इर्द-गिर्द कई प्रकार की आकृतियाँ, चित्र सूखे चावल के चूरे से चित्रित करती थीं और फिर उनमें मन-मर्जी के रंग भरती थी |कोई फूलों की कलियाँ,कोई आम , कोई मोर , कोई चिड़िया बनाता था | मुझे याद है कि मैं अधिकतर फूल ही बनाती थी क्यूँकि वह चित्रित करना थोड़ा आसान था | उसके बाद होता था सामूहिक भोज | हम सब लडकियाँ अपने अपने घर से थालियों में विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट भोज सजा कर राह्डों के स्थान पर ले जाती थीं | आयु में बड़ी दीदियाँ श्रावण मास से सम्बन्धित मीठे मीठे डोगरी लोक गीत गाती थीं| धीरे-धीरे नवविवाहिता लडकियाँ , महिलाएँ भी उस स्थान पर एकत्रित हो जाती थी और फिर गानों का रंगारंग वातावरण बन जाता था |
एक गीत जिसके कुछ बोल मुझे याद आ रहे हैं ----
“उड्ड मर कुंजड़िये मड़िये, सावन आया ई ओ , आहो
कियाँ उड्डा नीं अड़िये, देस पराया ई ओ आहो “
परदेस में रहती हूँ न इसलिए मुझे बचपन के यह त्योहार बार बार याद आते हैं | मैं हर वर्ष इन दिनों वहीं जम्मू की पंचतीर्थी की गलियों में पहुँच जाती हूँ और मन ही मन इस त्योहार को मना लेती हूँ | आइए आप भी मेरे साथ मनाइए |
शशि पाधा

* इसी श्रृंखला में कुछ दिनों के आपको जम्मू और हिमाचल के एक और लोक पर्व से परिचित कराऊँगी |
* Video courtesy Jammu Diary.

गुरुवार, 12 नवंबर 2020

 

https://danceglimpses.wordpress.com/2019/01/13/the-light-as-mother-new-perspectives-in-kathak-harpreet-kaur-jass/

सोमवार, 12 अक्टूबर 2020

 


                                           कोरोना काल और बदलती जीवन शैली

                                                        शशि पाधा

परिवर्तन एक प्राकृतिक प्रक्रिया है। समय समय पर प्रकृति भी अपना रूप बदलती है । इस चराचर जगत में हर प्राणी परिस्थतियों के अनुसार अपने आप को ढाल लेता है । मनुष्य में भी परिवर्तन की प्रवृति प्रकृति के अनायास अनुकरण से ही आई है । मानव जाति की प्रगति के लिए समयानुसार परिवर्तन एक आवश्यक माप दंड है ।लेकिन आज मनुष्य की स्थिति का कुछ और ही रूप-रंग है । इस वैश्विक महामारी में कोरोना के प्रकोप से बचने के लिये मनुष्य की जीवन शैली में जो परिवर्तन आया है वे परिस्थति वश है । ऐसा जैसे कोई अद्भुत, अदृश्य सूत्रधार जीवन के रंगमंच पर छड़ी घुमा कर निर्देश दे रहा हो कि ऐसा ही करो, ऐसे ही जियो। यही लाभकारी भी होगा और स्वस्थ जीवन के लिए रामबाण भी ।

कोरोना काल में जैसे ही लॉकडाउन की स्थति आई, मनुष्य की जीवन शैली में भी बहुत तेजी से बदलाव आ गया । उसकी दिनचर्या बिल्कुल बदल गई । इस महामारी से पहले जीवन सुनियोजित,सुनिश्चित तरीके से चल रहा था । उसका हर कार्य निश्चित समय पर होता था। परिवारों ने, औद्योगिक कम्पनियों ने, शिक्षा संस्थानों ने, वैज्ञानिकों ने अपने कार्यक्रमों की योजनाएँ निर्धारित कर ली थीं। किन्तु लॉकडाउन में पूर्व की सारी व्यवस्थाएं एवं परिस्थितियाँ बदल गई हैं। इस भयंकर महामारी के प्रभाव से लोगों की व्यवहारिक, मानसिक और सामजिक व्यवस्था अछूती नहीं रही है ।

 वायरस के प्रकोप से बचने के लिए प्रत्येक प्राणी को अपना दृष्टिकोण और व्यवहार में बहुत बड़ा परिवर्तन लाना पड़ा है । भारतीय लोग हाथ जोड़ कर नमस्ते के साथ साथ एक दूसरे के गले मिल कर या पैर छू कर अपने करीबी रिश्तेदारों के प्रति अपना आदर और स्नेह प्रकट करते रहे हैं । किन्तु समय की माँग यह करती है कि दो फीट दूर रह कर केवल हाथ जोड़ कर ही अभिवादन कर लिया जाए। भारतीय घरों में प्रवेश करने से पहले जूते आंगन में या मुख्य द्वार के बाहर खोल कर जाने की प्रथा थी । फिर धीरे धीरे यह अनिवार्य नियम लुप्त होता चला गया । अब हर कोई इस व्यवहार में सचेत हो गया है । बाहर की चप्पल-जूते घर के अंदर नहीं आने पर फिर से जोर दिया जा रहा है ।

कोरोना काल में सब से अधिक बदलाव आया है नौकरी पेशा लोगों में । लॉकडाउन के दौरान लाखों-करोड़ों लोग घर से ही काम कर रहे हैं। इस दौरान मीटिंग, प्लानिंग से लेकर अपने सहकर्मियों के साथ बातचीत, चर्चा वगैरह भी वीडियो कॉल के जरिए या अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्मों के जरिए हो रहा है। तकनीकी कठिनाइयों के कारण कुछ लोगों को काम समाप्त करने में कठिनाई होती होगी लेकिन इस क्षेत्र में भी धीरे धीरे बदलाव आ रहा है । घर से काम करने से लोगों के समय की बचत हो रही है । दफ्तरों के खर्चों में भी कमी हो रही है । सम्भावना यही है कि अब घर में लैप टॉप की सहायता से काम काज करने में काम करने की क्षमता बढ़ जायेगी ।

 लॉकडाउन से पहले लोग पार्क में आराम से बैठ कर सुख दुःख बाँटते थे,, हँसी-ठहाके सुनाए पड़ते थे । अब लोगों का जीवन घर की चारदीवारी तक ही सीमित रह गया है । बच्चों के व्यायाम और खेलकूद पर भी बहुत प्रभाव पड़ा है। अब माँ-बाप को बच्चों के लिए घर के अंदर ही खेलने के तरीकों के विषय में सोचना पड़ता है । बच्चों को बाहर न जाने के लिए समझाना कठिन हो जाता है । बच्चे तो कोमल होते हैं । न जाने उनके कोमल हृदय और मस्तिष्क में हर चीज़ की मनाही का क्या दुष्प्रभाव पड़ता होगा । हमें इस विषय में बहुत सचेत रहने की भी आवश्यकता है ।

दुकानदारी, व्यवसाय एवं उद्द्योग धंधे हमारे जीवन का एक अनिवार्य अंग हैं । उपभोक्ताओं को तो केवल सुविधाओं की कमी का आभास हो रहा होगा लेकिन ज़रा सोचिए जिन परिवारों का जीवन ही इन छोटे-बड़े व्यवसाओं पर ही निर्भर है और जो लोग आर्थिक दृष्टि से केवल दूकान, रेढ़ी या गुमटी के सामान को बेच कर ही अपने परिवार का पेट भरते होंगे, उनके साथ क्या बीत रही होगी । लेकिन इसके साथ ही लोगों का सेवा भाव और उपकारी पक्ष भी सामने आया है । धार्मिक स्थानों पर लंगर लग रहे है, स्वयंसेवी संस्थाएँ अभावग्रस्त लोगों तक राशन पहुँचा रही हैं । यहाँ पर यह भी कहना उचित होगा कि लोगों में भी कम में निर्वाह करने की प्रवृति जाग उठी है । जो है, जितना है, उतने में ही संतुष्टि करनी होगी और यह आदत सुखमय जीवन की द्योतक होगी ।

कोरोना संकट के बाद शिक्षा व्यवस्था और शिक्षा प्रणाली का स्वरूप भी बदल जाने की संभावना है । शिक्षा के क्षेत्र में ई -लर्निंग का भी ज्यादा इस्तेमाल होने की संभावनायें होंगी। इसके लिए लोगों को अधिकाधिक तकनीकी ट्रेनिंग की आवश्यकता पड़ेगी ।विद्यार्थियों को अधिक से अधिक लैप टॉप की सुविधा दिलवाना, गाँवों-गाँवों में इन्टरनेट के केंद्र खोलना शिक्षा संस्थानों और सरकार के लिए प्राथमिकता का विषय होगा।

इस महामारी के फलस्वरूप शादी-ब्याह और सामूहिक आयोजनों के स्वरूप में बहुत बड़ा बदलाव आने वाला है । इसके संक्रमण से बचने लिए ऐसे पारिवारिक या सामाजिक समारोहों में जाने में भी कुछ नियम और कुछ सीमाएँ निर्धारित की गई हैं । इससे कई लाभ होंगे । खर्चा तो कम होगा साथ में अपव्यय से भी छुटकारा होगा । बहुत से मध्यमवर्गीय परिवार जिन्हें केवल समाज या लोकलाज के कारण लाखों का धन इन आयोजनों में लुटाना पड़ता था, शायद उन्हें कुछ राहत मिले । 

कोरोना काल में और उसके बाद के जीवन में स्वास्थ्य सेवाओं के ढाँचे और कार्यप्रणाली में सकारात्मक बदलाव आने की संभावनाएं बढ़ रही हैं।  सरकारी अस्पतालों की दशा भी तेजी से सुधरेगी । प्राइवेट अस्पतालों व नर्सिग होम की गति मंद होगी। सरकारी अस्पतालों की दयनीय स्थिति के कारण लोग प्राइवेट डॉक्टरों के पास या प्राइवेट अस्पतालों में जाने को विवश हो जाते हैं । हो सकता है इस महामारी के भयावह प्रभाव से इन संस्थाओं की कार्यप्रणाली में भी कुछ परिवर्तन आए ।

इस कामकाजी जिन्दगी में लोगो ने प्रकृति के सौन्दर्य को पूरी तरह नकार सा दिया था । किन्तु लॉकडाउन के समय में  प्रकृति पूर्ण सौन्दर्य के साथ धरती पर लौट आई है । जिन सुंदर पशु पक्षियों के साथ मानव ने कोई नाता नहीं रखा था, वे पुन: बागों में, गलियों में ,सड़कों पर स्वछन्द विचरण करने लगे हैं । शिवालिक की पहाड़ियों ने मीलों दूर मैदानों में रहने वाले लोगों को दर्शन दिए हैं । नई पीढ़ी ने इतना निर्मल और नीला आकाश शायद पहली बार देखा है । यमुना का जल वर्षों बाद इतना साफ़ दिखाई दे रहा है । अगर बुद्धिमान मानव इन संकेतों से यह सीखे कि प्रकृति भी शायद मानव जाति से वर्षों से रूठी थी । वे भी खुली हवा में जीने का अधिकार मांग रही थी जो मानव ने उससे छीन लिया था ।

वर्षों से रोज़गार के लिए युवा वर्ग गाँवों से शहरों की ओर पलायन कर रहा था । इसका मुख्य कारण यह भी था कि गाँवों में जीवन यापन के साधन सिमटते चले जा रहे थे । अब चूँकि परिस्थिति वश लोग फिर से गाँवों की ओर लौट रहे हैं तो सरकार भी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और मजबूत करने में ठोस कदम उठायेगी । आत्मनिर्भरता के लिए कुटीर उद्योग एवं स्वदेशी उत्पादन में उन्नति के मार्ग खुलेंगे ।जब अच्छा जीवन स्तर अपने घर-गाँव में ही लोगों को उपलब्ध होगा तो कौन अपने खेत या घर को छोड़ कर शहर की ओर पलायन करेगा।

पूरे विश्व को इस महामारी की चपेट में देख कर मानव जाति हताश सी होने लगी थी । क्यूँकि कहीं से भी ऐसा समाचार नहीं आ रहा था कि इस का अंत होने वाला है । ऐसी परिस्थति ने लोगों को अपने भीतर झाँकने का अवसर दिया है । परिवारों में सद्भाव, आपसी मेलजोल बढ़ा है । और आशा की जा रही है कि हर कोई सद्भावना के रास्ते पर चलते रहने के लिए तत्पर है ।

वेदों में लिखा मन्त्र है ---सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामया सर्वे भद्राणि पश्यन्तु मा कश्चित् दुःखभाग् भवेत्--- हम सब की ईश्वर से यही प्रार्थना है कि प्रभु सम्पूर्ण चराचर जगत को इस भयंकर वैश्विक विपदा से मुक्त कराए ।

शशि पाधा

Email: shashipadha@gmail.com

 

 

रविवार, 23 अगस्त 2020