शुक्रवार, 2 जुलाई 2021

 

               



                         नतमस्तक हुआ हिमालय

                                              ( कैप्टन तुषार महाजन, शौर्य चक्र, मरणोपरांत )

                     

“सो जाएगी कल लिपट कर तिरंगे के साथ अलमारी में

देश भक्ति है साहब ---तारीखों पे जागती है”

26 जनवरी, गणतन्त्र दिवस के दिन तुषार ने यह उद्गार अपने What’s App Status पर लिखे थे| अब सोचती हूँ क्यूँ लिखे थे, किन परिस्थितियों में लिखे थे? वो तो उन दिनों कश्मीर के जंगलों में खूँखार आतंकवादियों से जूझ रहा था| हो सकता है किसी शाम उसने टी वी पर उन दिनों कुछ अराजनैतिक तत्वों द्वारा देश में फैलाई जा रही अराजकता से आहत हो कर अपने मन के आक्रोश को शब्दों में ढाला हो! कौन जाने? किन्तु इन शब्दों में जो ललकार, जो उद्बोधन के स्वर थे, उनकी गूँज से तो कोई भी अछूता नहीं रह सकता|

अमेरिका में रहते हुए मैं भी उन दिनों दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में होने वाली देश द्रोही घटनाओं से बहुत आहत थी| टीवी पर बार-बार किसी कन्हैया कुमार के भाषण को दोहराया जा रहा था| भारत से मीलों दूर रहते हुए इन सभी गतिविधियों को देखते हुए मन बहुत क्षुब्द्ध था| देश की राजधानी के प्रमुख विश्वविद्यालय की युवा पीढ़ी को आतंकियों ने अपने कुप्रभाव से सम्मोहित कर लिया था| दुखी होकर मैं टीवी बंद करने ही जा रही थी कि एक तस्वीर देख कर चौकन्नी हो गई| टीवी पर ‘9 पैरा स्पैशल फोर्सेस’ के कमान अधिकारी की पत्नी श्रीमती शिल्पा यादव अन्य सैनिकों के बीच खड़ी किसी स्त्री को सहारा दे रही थी|  हज़ारों लोग खड़े थे| मेरी दृष्टि तिरंगे में लिपटी शव पेटी को कस कर अपनी बाहों में समेटते हुए, विलाप करती माँ पर स्थिर हो गई| आस-पास खड़े लाल टोपी धारी सैनिकों को देख कर समझ गई थी कि हमारी पलटन ने आज एक और वीर योधा खो दिया है| तभी एंकर ने कहा, “आज कश्मीर के पाम्पोर शहर में एक बिल्डिंग में छिपे हुए चार आतंकवादियों से लोहा लेते हुए भारतीय सेना के दो कैप्टन और एक हवलदार शहीद हो गए| हृदय गति वहीं रुक गई, पता नहीं अब किसका नाम लेती है ---

तभी शव पेटी पर लिखा नाम पढ़ लिया – कैप्टन तुषार महाजन| आँखें नम हो गईं और मन दो वर्ष पहले पलटन के साथ बिताए सुखद पलों की ओर चला गया| हम तुषार से अभी पिछले वर्ष ही तो मिले थे|

याद आ रहा था कि एक साल पहले 9 पैरा मैस में रात्रि भोज के बाद जब हम अपने कमरों में वापिस लौट रहे थे तो मुझे कुछ चुप देख कर मेरी देवरानी ने मुझसे प्रश्न किया, “दीदी आप मैस में बहुत प्रसन्नचित थीं, अब अचानक कहाँ खो गई हो?”

जाने क्यूँ मैंने कह दिया, “इन सब युवाओं को हँसते–खेलते, देखते हुए मुझे बहुत खुशी होती है| कल इनमें से दो अधिकारी कश्मीर में किसी अभियान के लिए जा रहे हैं| बस उन्हीं की सुरक्षा के लिए प्रभु से प्रार्थना कर रही थी|” जानती थी कोई भय, कोई आशंका नहीं थी, फिर भी कुछ था जिसे शब्दों में बताना असंभव था| आज मुझे उस रात की स्मृतियाँ फिर से झझकोर रही थीं|

आगामी वर्ष हमारी पलटन अपना 50वाँ ‘स्थापना दिवस’ मना रही थी| मैंने उसी समय तुषार के माता-पिता से मिलने का निर्णय ले लिया था|

1 जुलाई को होने वाले समारोह में तुषार के माता-पिता भी सम्मिलित थे| वे दोनों मूक दर्शक से सभी कार्यक्रमों को देख रहे थे| मुझे उन्हें देख कर अहसास हो रहा था कि वो वहाँ होते हुए भी कहीं और थे| अगले दिन मैं और मेरे पति दोनों तुषार के माता-पिता से मिलने उनके घर गए| मुझे उनसे बहुत कुछ पूछना था, तुषार के विषय में बहुत सी बातें करनी थी

तुषार के पिता श्री देवराज जी रिटायर्ड प्रिंसिपल हैं और उसकी माँ आशा रानी जी भी किसी शासकीय दफ्तर में अधिकारी हैं| उन दोनों ने हमारा बड़ी आत्मीयता से स्वागत किया|  हम उनकी बैठक में तुषार की बड़ी सी तस्वीर के सामने बैठे थे| समझ नहीं आ रहा था कि बात कहाँ से आरम्भ करूँ| फिर भी बात करनी थी, वही तो करने आई थी|

मैंने उन दोनों की ओर देखते हुए पूछा, “सुना है तुषार बचपन से ही एक मेधावी छात्र था| आप उसके बचपन के विषय में कुछ साझा करना चाहेंगे?

देवराज जी ने बड़े गर्व से कहा, “पढ़ाई में तो बहुत योग्य था ही, उसे कोर्स के अलावा अन्य पुस्तकों को पढ़ने का भी बहुत शौक था| 5वीं कक्षा तक आते-आते उसने भागवत गीता को कई बार पढ़ लिया था और वह उससे उदाहरण भी देता था|

मैंने वहीं रोक कर कहा, “हो सकता है उस पर उन्हीं दिनों अर्जुन और अभिमन्यु के चरित्र का प्रभाव पड़ा हो ?”

मेरी ओर चकित हो कर देखते हुए देवराज जी बोले, “हमें इस बात का कभी अनुमान नहीं हुआ| अब आप कह रही हैं तो लगता है सत्य ही होगा|

पास बैठे उसके मित्र श्वेत केतु ने कहा, “आँटी, शहीद भगत सिंह के चरित्र से तुषार बहुत प्रभावित था| स्कूल में फैंसी ड्रेस शो में वो अधिकतर भगत सिंह, गाँधी, नेहरु ही बनता था| भगत सिंह के वीर व्यक्तित्व से वो इतना प्रभावित था कि अपने फेसबुक प्रोफाइल में भी उसने अपनी फोटो के स्थान पर भगत सिंह की तस्वीर ही लगाई हुई थी|”

अभी तक चुप बैठी आशा जी ने कहा, “हाँ, याद आ रहा है| उन दिनों दूर दर्शन पर ‘स्वराज’ सीरियल चल रहा था| कितना भी व्यस्त हो, उसे देखना नहीं भूलता था| उसके सारे खेलों में भी फौजियों का जीवन आ ही जाता था| वो आर्मी स्कूल उधमपुर में पढ़ता था, इसीलिए उसके अधिकतर मित्र भी फौजी बच्चे ही थे| शायद यही उसकी नियति थी|”

तुषार के पिता ने उसके विद्यार्थी जीवन के विषय में बताते हुए कहा, “तुषार बहुत बुद्धिमान छात्र था, बहुत मेहनती भी| मैं चाहता था कि वो I A S की तैयारी करे| इसके लिए उसने कोचिंग भी ली थी|  लेकिन उसका मन तो कहीं ओर था| हमें बिना बताए ही वो ‘एन डी ए’ की परीक्षा देने के लिए चला गया था|”

आशा जी वही बता रहीं थी जो हर माँ अपने बच्चे के लिए कहती है, “बहुत ज़िद्दी था; एक बार जो ठान लेता था, वही करता था| हमने उससे कहा कि तुम्हारा बड़ा भाई पहले से ही विदेश में है| अगर तुम भी फौज में चले जाओगे तो हम अकेले हो जाएँगे| तो तपाक से उत्तर दिया था उसने, “मैं पैदा ही देश सेवा के लिए हुआ हूँ| देखते, सुनते नहीं आप रोज़ कश्मीर में क्या कुछ घट रहा है? कितने लोग मारे जा रहे हैं? माँ, किसी को तो कुछ करना है न| माँ, मुझे मत रोको क्यूँकि, मैंने यही सोच कर रखा है|”

उसके मित्र श्वेतकेतु ने उसके स्वभाव के निर्णायक बिंदु पर प्रकाश डालते हुए कहा, “आँटी, क्लास कैप्टन, स्कूल हैड ब्याय, हर प्रतिस्पर्द्धा में वो फर्स्ट ही आता था| हर जगह वो बस ऊँचाई को छूना चाहता था| जब हम 3rd Std  में थे तो वार्षिक उत्सव पर हमें एक गाना गाना था - ‘ कर चले हम फ़िदा जानो मन साथिओं / अब तुम्हारे हवाले वतन साथिओं|’ यह जनाब तो एक बार इतने भावुक हो गए कि कहने लगे, “देखना, real life में मैं यही करूँगा, अपने देश के लिए कुछ भी करूँगा|”

हम सब उसके जोश को देख कर हँसने लगे| मैंने उससे कहा, “ओए! यह तो ड्रामा हो रहा है| पर बड़ा कठिन था उसको उस जज़्बे से बाहर लाना|”

पहली बार आशा जी ने हँसते हुए कहा, “छोटू’ बचपन से ही सिपाही बन कर दुश्मन को मारने के खेल खेलता था, जैसे सभी बच्चे खेलते हैं| मैं कई बार शून्य में भी उसे देखते हुए पूछती हूँ, “कहाँ चले गए, क्यूँ चले गए तुम? अभी तो बहुत कुछ बाकी था करना तुझे और देखना हमें|”

हम सब थोड़े भावुक हो गए थे| बात करते हुए आशा जी ने उसे उसके बचपन के नाम ’छोटू’ से याद किया था| और मैं सोच रही थी अपने देश की सुरक्षा के लिए इतना बहादुरी का काम करने वाला तुषार अपने माँ के लिए तो सदा के लिए ‘छोटू’ ही रहेगा|

‘छोटू’ के बचपन की कहानियों में कुछ और जोड़ते हुए श्वेतकेतु ने कहा, “कभी कभी बहुत मसखरी करता था| अटल बिहारी बाजपेयी जी की हूबहू नकल करता था| उनकी कविता ‘ऊँचाई’ उसे बहुत पसंद थी| उसे पढ़ते हुए हँस पड़ता था और कहता था, “इसीलिए भगवान् ने मुझे इतना लम्बा नहीं बनाया|”

माँ ने भी हँसते हुए कहा, “हर रोज़ आंगन में लगी बार पर लटकता था और फिर मापता था अपनी लम्बाई| उसे डर था कि कद छोटा रह गया तो फौज में नहीं जा पाएगा शायद|”

मुझे स्वयं अटल जी की यह रचना बहुत पसंद है| मैंने आशा जी से कहा, “उसे तो किसी और ऊँचाई को छूना था, जहाँ कोई विरला ही पहुँच सकता है| शायद वो वही सोचता होगा उस समय|”

सैनिक के लिए पर्वत सा हौंसला रखने के उपमान दिए गए हैं, सूर्य से तेज की बात कही गई है| आज आशा जी की आँख से वही भाव प्रतिबिंबित हो रही थे , जो कभी उन्होंने अपने लाडले बेटे को पलते-बढ़ते हुए देखे होंगे| ऊँचाई की बात हो रही थी तो पिता श्री देवराज जी ने कहा, “ तुषार को एक और शौक, जुनून था| वो Harley -Devidson मोटर साइकल लेना चाहता था| बहुत जिद्द करता था कि वही लेना है| हमने कहा भी कि कार ख़रीद ले, मोटर साइकल चलाने में बहुत ख़तरा है| लेकिन बात नहीं मान रहा था|

कहने लगा, “मैं सियाचिन ग्लेशियर की बर्फ से ढकी चोटियों पर मोटर साइकल चलाना चाहता हूँ| मैं ‘मान सरोवर झील’ के दुर्गम रास्तों पर मोटर साइकल से जाना चाहता हूँ| कार में वो बात कहाँ?”

मैंने भी उत्सुकता वश पूछ लिया, “तो ख़रीद ली थी उसने मोटर साइकल?”

बड़े शांत स्वर में पिता ने कहा, “नहीं, समय ने प्रतीक्षा नहीं की| कश्मीर में आतंकवाद चरमसीमा पर था| उसकी पलटन की दो टीम तो सदा ही वहाँ पर तैनात रहती थीं| बस वो भी वहीं चला गया|”

माँ थोड़ी सी भावुक हो गईं थी, जैसे बच्चे की जिद्द पूरी न करने पर हर माँ-बाप को थोड़ा पछतावा होता है| कहने लगीं, “ हमने कहा जब अगली बार छुट्टी आएगा तो ले लेना| किन्तु ---- उसका यह अरमान पूरा ही नहीं हुआ| हाँ, उसकी एक फोटो है हमारे पास| किसी मित्र की मोटर साइकल पर बैठा हुआ है| आशा जी किसी एल्बम से वो फोटो निकाल कर लाईं| कहने लगीं, “देखिए न, कितना खुश लग रहा है वो यहाँ|”

मैं  हैरान हो रही थी कि लगभग 45 वर्ष पहले मेरे पति का भी यही सपना था| उन्होंने भी किसी दोस्त की मोटर साइकल खूब चलाई थी क्यूँकि तब यह आसानी से नहीं खरीदी जा सकती थी| मुझे यह भी याद आ रहा था कि जब भी हम कभी छावनी की bachelor accommodation के पास से गुजरते थे तो बरामदे में चम-चम करती दो-चार मोटर साइकल अवश्य दिखाई देती थीं|

बातों का सिलसिला चल ही रहा था कि आशा जी कुछ फल और मेवे लेकर आ गईं| कहने लगीं, “लीजिए, तुषार को बहुत अच्छा लगेगा| वो मुझे बहुत आग्रह  करके हर चीज़ खिलाता था| कहता था, इतना काम करती हो, नौकरी भी, घर का भी| कुछ खाया भी करो| उसका प्यार जताने का यही तरीका था|”

उनकी बात सुन कर मैं सोचने लगी - एक माँ अपने 27 वर्षीय बच्चे के जीवन के विषय में कितना कुछ अपने अंदर समेट कर बैठी होगी| आज मुझसे बात करते हुए उन्हें जाने क्या-क्या याद आ रहा होगा|

मैं तो अभी सोच ही रही थी कि उन्होंने बड़े चाव से कहा, “उसे गाजर का अचार बहुत पसंद था| जाने से पहले बोल गया था कि भेज देना| मैंने बहुत कहा था कि यहीं से तो जा रहे हो, कुछ पल के लिए घर आ जाओ, मिल भी लेना और अचार भी ले लेना, पर नहीं माना था| कहने लगा, “पलटन का नियम नही तोडूँगा| Convoy के साथ जा रहा हूँ, घर नहीं आ सकता|”

मैं भी थोड़ी हैरान हो रही थी क्यूँकि उसका घर जम्मू-श्री नगर राज मार्ग से एक-ढेढ़ मील ही अंदर था| आ सकता था|

देवराज जी बोले, “असूलों का बहुत पक्का था, नहीं आना था उसे आख़िरी समय हमसे मिलने| शायद हमारे भाग्य में यही लिखा था|”

कितनी चीज़ें रह गई होंगी, पैकटों में बंधी बंधाई और एक माँ की ममता कितनी आकुल हुई होगी उस दिन|

अपनी पत्नी को भावुक होते देख कर देवराज जी बोले, “जितना बहादुर था उतना ही दयावान, कोमल भी| हमारे घर के आंगन में  ‘ऐरोकेरिया ‘ का पेड़ थोड़ा बड़ा हो गया था| दीवार टूटने का डर था| हम उसे काटना चाहते थे| लेकिन नहीं काटने देता था| कहता था पहले इसकी जगह पाँच और पेड़ लगवाओ तभी काटना| चलिए आपको उसके हाथ से रोप हुए वो पाँच पेड़ दिखाऊँ|”

बाहर छोटे से लॉन में वो 5 पौधे मुस्करा रहे थे| जैसे उसके वहाँ होने का अहसास करा रहे हों| मैंने उन्हें धीमे से छुआ| वो धीमे से हँसे, शर्माते हुए बिलकुल वैसे जैसे तुषार हँसी को भी छिपा कर हँसता था|

लॉन से अंदर आते हुए आशा जी ने मुझे तुषार का कमरा दिखाया| सामने दीवार पर तुषार की बड़ी सी तस्वीर लगी थी| उसके ठीक नीचे दो लोहे के संदूक, जूते, टोपी आदि बड़े करीने से रखी हुई थीं | पूछा नहीं, किन्तु जानती थी कि उन्हें अभी तक खोला नहीं गया था|

“तो यह तुषार का कमरा होगा”? मेरे पूछने पर कहने लगीं, “जी, फरबरी में शादी तय की थी| दिसम्बर में जब छुट्टी आया था तो यह तैयार किया था| दो साड़ियाँ भी लाया था मेरे लिए रानीखेत से| कहता था पहन के दिखाओ| एक तो मैंने पहनी थी, दूसरी रख दी थी उसकी शादी में पहनने के लिए|

माँ हूँ न, कुछ उत्सुकता वश पूछ लिया, “आप उसकी होने वाली पत्नी से मिल चुकी थीं ?”

“नहीं, कभी नही | पर बता चुका था कि उसने जम्मू में कोई लड़की पसंद कर ली थी| हमने भी सोचा था कि शादी से पहले मिल लेंगे|”

“ओह! तो वो लड़की?” अभी अधूरा ही प्रश्न किया था मैंने कि आर्द्र स्वर में आशा जी ने बताया, “ अंतिम संस्कार के बाद एक लड़की आई थी घर में| चुपचाप मेरे पास आकर बैठ गई थी| मैंने सोचा कोई मित्र होगी| मेरे दोनों हाथ पकड़ कर वो कहने लगी, “ मुझे इस घर में आना तो था किन्हीं अन्य परिस्थितिओं में, उसके साथ लेकिन ----- | खूब रो रही थी वो| मुझे अपने से ज़्यादा उस पर दया आ रही थी| मैंने उसे बड़े प्यार से गले लगाया और कहा, “बेटी घर जाओ| और वो सर झुका कर चली गई थी|”

आशा जी उस दारुण पल को फिर से दोहरा रही थीं| हम दोनों ही भावविह्वल हो रो रहे थे| वो तुषार के अधूरे सपने को याद करती हुईं और मैं उन दोनों युवाओं के लिए जिन्होंने भावी जीवन के न जाने कितने सपने बुने होंगे|

तब तक तुषार के पिता उससे जुड़ी बहुत सी चीजें ले आए थे| गुजरात में रहने वाली एक लड़की ‘विधि’ ने तुषार के महाबलिदान के बाद उसकी एक पेंटिंग बना कर भेजी थी| साथ ही पाँच हजार रुपये| लिखा था, ‘ आप जो भी उनके नाम से करेंगे, उसमें यह छोटी सी भेंट मिला लें| किसी जज की बेटी थी| उसने टीवी पर पाम्पोर के इस अभियान को देखा था|

बहुत अच्छी पेंटिंग थी| मैं सोच रही थी कि हजारों मील दूर उस लड़की को कितना दुःख हुआ होगा| न जाने कितने लोग आहत हुए होंगे उस दिन ???

स्मृतियों की पिटारी खोलती हुई आशा जी ने कहा, “एक दिन मध्य प्रदेश से एक लड़का मिलने के लिए आया था| वो कभी कैलाश-मानसरोवर की यात्रा में तुषार के साथ मिला था| टीवी पर तुषार की तस्वीर देख कर पहचान गया और हमसे मिलने चला आया| जब जाने लगा तो मैंने उसे तुषार का एक नया कोट भेंट किया| मैंने जब उससे कहा कि यह उसने अपनी शादी के लिए बनवाया था| तुम पहन लोगे तो मुझे अच्छा लगेगा तो उसने उसी समय पहन कर हमें दिखाया था|”

देवराज जी ने एक पत्र दिखाया जो कभी तुषार ने पांचवीं क्लास की अपनी टीचर को उनकी पोस्टिंग के समय लिखा था| उसके बलिदान के बाद टीचर ने उस पत्र की फोटोकॉपी बनवा कर भेजी थी| उधमपुर में रहने वाली एक संवेदनशील कवयित्री ने भी एक कविता के रूप में उसे श्रद्धांजलि दी थी|

अचानक जैसे माँ को कुछ याद आया| कहने लगीं, “बड़ा दयावान था| कहता था जब मैं higher rank  पर जाऊँगा तो एक ‘पिग्गी बैंक’ खोलूँगा| उसमें हर रोज़ खुद भी और सबसे कह कर एक रुपया जमा करूँगा| यह राशि मैं शहीदों के बच्चों की पढ़ाई के लिए उनके परिवारों को दूँगा| वो शायद नहीं जानता था कि वह स्वयं वीर शहीदों की सूचि में अपना नाम लिखवा लेगा|”

बड़े सपने थे तुषार के और उसके साथ ही जुड़े थे उसके माता-पिता, मित्रों के सपने | पर वो तो सपनों की इस दुनिया को पार करके वीरों की नगरी में चला गया था| मुझे गीता का वो श्लोक याद आ रहा था जो श्री कृष्ण ने अर्जुन के लिए कहा था—‘ हतो व प्राप्यसि स्वर्गम्, जित्वा व भोग्यसे महिम ---‘

बातें तो बहुत थीं साझा करने को | 27 वर्षों के उसके जीवन की कितनी निधियाँ उसके माता-पिता के पास होंगी| किन्तु विदा तो लेनी ही थी| मैं और मेरे पति उनसे विदा लेकर चले आए| लेकिन, अपने साथ बाँध के लाए बहुत सी ममता, बहुत सा दुलार, तुषार का बचपन, मित्रों का गौरव और एक लड़की का अधूरा सपना|

तुषार की इस जीवन गाथा का एक महत्वपूर्ण पक्ष था जिसके विषय में मैं उन सैनिकों से मिल कर जानना चाहती थी जो उस दिन, उस अभियान में उसके साथ थे | अगले दिन ही मेरी भेंट नायक लक्ष्मण सिंह, लांसनायक अजय कुमार और लांस नायक राकेश कुमार से हुई |अभिवादन की औपचरिकता के बाद मैंने उनसे कहा, “आप तीनों उस महा अभियान के दिन तुषार के साथ थे| उस आतंकी मुठभेड़ के विषय में आप मुझे बतायेंगे?

नायक लक्ष्मण ने तुरंत कहा,  “मैम, 20 फरबरी को सूचना मिली थी कि पाम्पोर में 6/7 आतंकवादियों ने CRPF की गाड़ियों पर अंधाधुंध गोलियाँ बरसाई थीं| वहाँ के स्थानीय लोगों ने भी गाड़ियों पर पत्थर से वार किया था| इसी अफरा-दफरी में तीन आतंकवादी तो कहीं भीड़ में गुम हो गए और तीन सामने की सरकारी E D I बिल्डिंग में घुस गए थे| अत: कैप्टन तुषार साहब की टीम को उस बिल्डिंग में घुसे आतंकियों को मार गिराने का आदेश मिला|

मैंने उत्सुकता वश पूछा, “क्या आपके पास बिल्डिंग का कोई मैप था?

लांस नायक अजय ने कहा, “नहीं मैम, बाहर से हम केवल यह देख सकते थे कि बिल्डिंग की चार मंजिले हैं | आतंकी कितने थे और कहाँ छिपे थे इस बात का पता किसी को नहीं था| तुषार साहब रात को वहाँ पहुँचे थे| आते ही उन्होंने बड़ी सूझ-बूझ एवं ट्रेनिंग के आधार पर अंदर घुसने की योजना तैयार कर ली| सुबह 12 बजे एक पार्टी अंदर गई| साहब के साथ लांस नायक ओम प्रकाश और सूबेदार लाल सिंह भी अंदर गए थे| पहली मंजिल पर कोई आहट नहीं थी| जब वे दूसरी मंजिल पर चढ़ रहे थे, किसी छिपे हुए आतंकी ने उन पर गोलियाँ बरसाई | लांस नायक ओम प्रकाश बुरी तरह घायल हो गए थे| तुषार साहब ने उस समय अपनी जान की कोई परवाह नहीं की| ऊपर की मंज़िल से गोलियों की बौछार आ रही थी| किन्तु अपने साथी को बचाने के लिए उन्होंने खुद को जोखिम में डाल दिया और स्वयं उसे बिल्डिंग से बाहर लाने में सफल हुए|  साहब घायल ओम प्रकाश को उस बिल्डिंग से बाहर तो ले आए किन्तु नियति को कुछ और ही मनज़ूर था| हॉस्पिटल जाते समय रास्ते में ही ओम प्रकाश शहीद हो गए थे|”

वे तीनों कुछ देर के लिए अपने खोए साथी को मौन श्रद्धांजलि दे रहे थे| मैं जानती हूँ कि किस प्रकार अपने मित्र को घायल अवस्था में और फिर शहीद होते देख कर बाकी टीम के सैनिकों को कितना कष्ट हो रहा होगा| किन्तु सैनिक तो किसी और मिट्टी का बना होता है| भावनाएँ ताक पर रख कर वो लक्ष्य पूर्ति के लिए तैयारी में जुट जाता है|

 नायक लक्ष्मण बता रहे थे, “नायक ओम प्रकाश की शहादत के बाद ऑपरेशन कुछ समय के लिए स्थगित कर दिया गया| तुषार साहब के नेतृत्व में एक बार फिर से बिल्डिंग की छानबीन की योजना बनाई गई| शाम को लगभग 4:30 बजे पहले बिल्डिंग पर ग्रनेड फेंके गए ताकि अगर शत्रु उत्तेजित हो कर फायर अवश्य करेगा तो उससे अनुमान होगा कि आतंकी किस फ्लोर पर है| बीच-बीच में जवाबी फायर आ रहा था लेकिन उससे फ्लोर का पता नहीं चल रहा था| तुषार साहब के साथ हवलदार महेश ने अंदर जाने के लिए वालंटियर किया| दोनों दाएँ-बाएँ फायर करते हुए बिल्डिंग के अंदर घुस गए| हमने बाहर से फिर से ग्रनेड फ़ेंक कर आग लगाने का प्रयत्न किया| किन्तु आग नहीं लग रही थी|

“क्यूँ नहीं लग रही थी?” मेरे इस प्रश्न के उत्तर में राकेश ने कहा, “दोनों ओर कमरे थे और बीच में लम्बा सा बरामदा था, सीढ़ियाँ थी, शायद इसलिए आग नहीं लग रही थी| परिस्थिति को समझते हुए तुषार साहब तथा महेश ओट लेते-लेते आगे बढ़ रहे थे| दो फ्लोर साफ़ हो चुके थे| अनुमान यही था कि शत्रु तीसरी मंजिल पर हो सकता है| तुषार साहब दोनों और फायर करते हुए आगे बढ़े और महेश ग्रनेड फेंकते रहे| इन्हें आता देख शत्रु  बिलकुल चुप बैठा रहा| वहाँ से किसी गोली की कोई आवाज़ नहीं थी| महेश बताते हैं कि हमने शत्रु का सर देख लिया था| पता था कि वो सीढ़ियों की दीवार के पीछे छिपा बैठा था|  बाहर से आदेश मिला कि room intervention करो, तीसरी मंजिल को क्लियर करना है| तुषार साहब ने जैसे ही शत्रु पर वार करने के लिए सीढ़ियों पर पैर रखा , आतंकी ने उन पर गोलियाँ बरसानी शुरू कर दी| शत्रु की गोलियां उनके पैरों में लगी थी|”

जानती हूँ कि हर सैनिक अपने सामने हुए अभियान को देखते हुए पूरा अनुमान और निष्कर्ष निकाल लेता है कि ऐसा क्यूँ हुआ होगा| यह उनके प्रशिक्षण का बहुत महत्वपूर्ण भाग होता है| मेरे सामने बैठे नायक लक्ष्मण ने भी उन निर्णायक पलों के विषय में मुझे बताते हुए कहा , “ मेमसाहब, आतंकी ऊपर की मंजिल पर था, उसे नीचे हमारी पोज़ीशन साफ़ दिखाई दे रही थी, हमें नहीं| उसने ऊपर से सीढ़ियों की दीवार की आड़ लेकर साहब पर गोलियाँ दागी| अपने दल को शत्रु के फायर के बिलकुल सामने आते देख साहब और महेश भी जवाबी हमला करते रहे| उन्होंने अपने पैरों में लगी गोलियों की बिलकुल कोई परवाह नहीं की| उस समय शत्रु और उनके बीच कुछ सीढ़ियों का ही तो फ़ासला था| वो अनुमान से छिपे हुए शत्रु पर प्रहार करते हुए सीढ़ियों पर आगे बढ़े| ऊपर छिपे आतंकी ने सीधे उन पर निशाना साधा और उन पर गोली चला दी| गोली साहब के हाथ में लगी|  साहब को अब आतंकी के छिपने के स्थान का अनुमान हो गया था| उनके पैर पहले से ही जख्मी थे| अब हाथ में भी गोली लग चुकी थी| उन्होंने उस निर्णायक पलों में शत्रु की ओर आक्रामक प्रहार किया| इस गोला बारी में आतंकी तो वहीं ढेर हो गया| इसी बीच तुषार साहब को भी सर में गोली लगी| वो बुरी तरह घायल हो गए| महेश उन्हें बाहर तक ले आया लेकिन हास्पिटल पहुँचने से पहले ही हमारे साहब ने अंतिम साँसे ले लीं|”

बात कब खत्म हुई, मुझे कुछ अनुमान नहीं हुआ| मैं सोच रही थी – ----पर्वतों की ऊँचाइयों को छूने की प्रबल इच्छा रखने वाले तुषार ने उस दिन उन पर्वतीय चोटियों को अपने शौर्य के समक्ष  नतमस्तक कर दिया| उन पलों में शायद हिमालय भी कुछ झुक गया होगा| उसी वर्ष तुषार के अदम्य आह्स और वीरता के लिए कृतज्ञ राष्ट्र ने उन्हें मरणोपरांत ‘शौर्य चक्र’ से सम्मानित किया|

हमें अगले वर्ष फिर से भारत जाने का अवसर मिला| | जम्मू- कश्मीर राज मार्ग पर बनी उधमपुर छावनी के एक महत्वपूर्ण चौक पर तुषार का स्मारक बना है| उस चौक का नाम भी ‘तुषार चौक’ रखा गया है| यहाँ पर हमारी पलटन और तुषार मेमोरियल ट्रस्ट के मिले जुले प्रयत्नों से तुषार का एक स्मृति स्थल बनाया गया है|

मैं ठीक सामने स्थापित तुषार की भव्य प्रतिमा को अपनी ममतामयी आँखों से निहार रही थी| मेरे लिए यह बहुत गौरव के पल थे| उसके संकल्प, वीरता और बलिदान की अमरगाथा का चिह्न यह वीर स्थल न केवल जम्मू-कश्मीर अपितु उस राज मार्ग से गुजरने वाले सभी भारतीओं के लिए प्रेरणा का दीप स्तम्भ बन कर खड़ा था| उन भावुक पलों में एक माँ, एक सैनिक पत्नी और एक प्रबुद्ध भारतीय नागरिक होते हुए मैं केवल यही सोच रही थी -----  ‘फौज को बिल्डिंग गिराने का आदेश क्यूँ नहीं मिला था? क्या एक पत्थर की इमारत इतने बहादुर सैनिकों की जान से अधिक मूल्यवान थी? क्या शासकीय अधिकारियों को पता था कि इस भवन में कितने, कमरे, कितनी गैलरियां, कितनी घुमावदार सीढ़ियाँ थी? चार मंजिलों वाले इस भवन के कौन से कमरे में शत्रु घात लगाए बैठा था?”

यही प्रश्न तुषार के माता-पिता, मित्र भी पूछते होंगे| किन्तु अभी तक इसका उत्तर किसी से नहीं मिला था|

 

शशि पाधा

इमेल:shashipadha@gmail.com

शशि पाधा,स्वयं एक सैनिक पत्नी हैं | इनके पति जनरल केशव पाधा, अति विशिष्ट सेवा मैडल एवं विशिष्ट सेवा मैडल से सम्मानित हैं और वे अपने कार्यकाल में भारतीय सेना की स्पैशल फ़ोर्सस के कमान अधिकारी रह चुके हैं |जनरल पाधा ने वर्ष 1965 , 1971  और कारगिल युद्ध में भाग लिया था |  

 

 

       

 

 





                                   मिट्टी का मोह

                                           शशि पाधा

 

वर्ष 1965 के भारत- पाकिस्तान के घमासान युद्ध के साथ अनेक सामरिक तथ्य और कहानियाँ जुड़ी हुई हैं| यह वो महत्वपूर्ण युद्ध है जब भारत की शूरवीर सेना ने पाकिस्तान के बहुत से इलाके जीत कर भारत की विजयभूमि के साथ जोड़ दिए थे| पाठकों के लिए इस युद्ध के पहले के इतिहास को जानना आवश्यक है|

पाकिस्तान ने वर्ष 1965 में  ‘ऑपरेशन जिब्राल्टर’ आरम्भ किया था जो पाकिस्तान द्वारा जम्मू-कश्मीर में अशांति फैलाने की रणनीति का सांकेतिक नाम था (Code word)|. Operation Gibraltar  की योजना के अनुसार  अगस्त के महीने में  पाकिस्तान ने अपनी नियमित सेना के सैनिकों के साथ लगभग 1500  घुसपैठियों को  मिला कर कश्मीर घाटी में प्रवेश किया था| पाकिस्तान को यह भ्रम था कि यह लड़ाई केवल युद्ध विराम रेखा के अंदर ही रहेगी और भारत कभी भी अन्तर्राष्ट्रीय सीमा रेखा पर युद्ध नहीं छेड़ेगा| इसके सफल होने पर, पाकिस्तान को कश्मीर पर नियंत्रण हासिल करने की उम्मीद थी, लेकिन इस अभियान में उसे बड़ी विफलता का सामना करना पड़ा| (मैं अपने पाठकों को अवगत करा दूँ कि जम्मू-कश्मीर से सटी पाकिस्तान के सीमा क्षेत्र को ‘युद्ध विराम रेखा’ के नाम से जाना जाता है और पंजाब के बाद के सीमा क्षेत्र को ‘अंतर्राष्ट्रीय सीमा रेखा’ के नाम से पहचाना जाता है|)

 जैसे ही भारत के राजनेताओं को ‘ऑपरेशन जिब्राल्टर’ का पता चला, भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री ने बिना समय गँवाए अंतर्राष्ट्रीय सीमा रेखा पर पाकिस्तान के विरुद्ध युद्ध के मोर्चे खोल दिए|यह युद्ध 6 सितम्बर से 23 सितम्बर तक चला | इस युद्ध में दोनों देशों की बहुत हानि हुई, बहुत से वीरों को अपनी जान गँवानी पड़ी और सैंकड़ों घर, गाँव तबाही की चपेट में आ गए| इस युद्ध का अंत संयुक्त राष्ट्र के द्वारा युध्ह विराम की घोषणा के बाद ही हुआ|

इस भयानक युद्ध के दो महत्वपूर्ण मोर्चों पर दो नगर बसे हुए थे ----- भारत की सीमा से सटा अमृतसर, और पाकिस्तान की सीमा से सटा हुआ लाहौर| सामरिक महत्व के इन दोनों नगरों के बीच बड़ी शान्ति से बहती थी ‘इच्छोगिल नहर’|

  इच्छोगिल नहर के उस पार का भू भाग था पाकिस्तान और इस पार की धरती थी भारत| इसी नहर के किनारे पर बसा हुआ ‘बर्की गाँव’ लाहौर से लगभग 13/14 किलोमीटर दूर था| युद्ध के समय भारतीय सेना वहाँ तक पहुँच गई थी| अब यह क्षेत्र और इसके आस पास के क्षेत्र भारतीय सेना के अधीन थे| उस समय मेरे पति अपनी यूनिट के साथ इसी क्षेत्र में तैनात थे| जब युद्ध अपने पूरे वेग पर था तो बर्की गाँव के निवासी अपनी सुरक्षा के लिए गाँव छोड़ कर किन्हीं सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए थे| किन्तु कुछ बूढ़े, बीमार और असहाय लोग अपना गाँव छोड़ कर नहीं जाना चाहते थे|

 23 सितम्बर को युद्ध विराम की घोषणा भी हो गई थी| अब बरकी गाँव के बचे-खुचे निवासी भारतीय सेना के मेहमान थे| भारतीय सैनिक उनकी सेवा करते, उन्हें दवा-दारू देते और हर परिस्थिति में उनकी सहायता करते| रोज़-रोज़ मिलने के कारण भारतीय सैनिकों का पाकिस्तान के गाँवों में बसे उन लोगों से भावनात्मक सम्बन्ध जुड़ गया था| आखिर मनुष्य तो मनुष्य का शत्रु नहीं होता है| युद्ध तो कराते हैं राजनेता जिन्हें अपनी पदवी की स्थिरता के डाँवाडोल होने का सदैव भय ही रहता है|

   इसी गाँव में रहने वाले एक वृद्ध दम्पति किसी भी हालत में अपना गाँव छोड़ कर नहीं जाना चाहते थे| वृद्ध पुरुष का नाम था चिरागदीन| उनकी पत्नी काफी अस्वस्थ थीं और वो कहीं जाने में असमर्थ थीं| उन्हें शायद शान्ति की आशा भी थी| उनकी कमज़ोर और असहाय परिस्थिति को देख कर हमारे सैनिक नियमित रूप से उनके लिए भोजन ले जाते थे| उनके साथ समय बिता कर कई पुरानी कहानियों का आदान प्रदान होता था| वे विभाजन से पहले की बहुत सी यादें हमारे सैनिकों के साथ बाँटते और भावुक हो जाते थे|

एक दिन मेरे पति इस दम्पति से मिलने इनके घर गए तो बातचीत के दौरान चिरागदीन ने इन्हें बताया कि उसका जन्म पंजाब के जालन्धर जिले के किसी गाँव में हुआ था और उसे अपने जन्मस्थान की, अपने बचपन के घर की बहुत याद सताती रहती थी| यह बात कहते हुए मेरे पति ने देखा कि उस वृद्ध की आँखें अश्रुपूर्ण थी| उस दिन की मुलाक़ात के बाद मेरे पति ने जब चिरागदीन से पूछा कि क्या उन्हें किसी चीज़ की ज़रुरत है तो उसने हाथ जोड़ कर कहा, “ साहब जी! इस उम्र में अब किसी चीज़ की क्या ज़रुरत है| वैसे भी आपके सैनिक हमारी हर प्रकार से सहायता कर ही रहे है|”

उनसे विदा लेते हुए मेरे पति को ऐसा आभास हो रहा था कि वे इससे अधिक और भी कुछ कहना चाहते हैं और कहने में सकुचा रहे हैं| इन्होंने बड़े आदर से चिरागदीन से कहा, “ बाबा! कुछ है मन में तो बताइए, झिझकिए मत|”

इनके सांत्वना और आत्मीयता से भीगे शब्द सुन कर चिरागदीन की आँखों में एक चमक सी आ गई| उन्होंने बड़ी आशा के साथ इनसे कहा, “ साहब जी! आप मुझे एक बार मेरे गाँव में ले जाइए | मैं मरने से पहले अपना जन्म स्थान देखना  चाहता हूँ |” और वो बड़ी आस भरी दृष्टि से इनकी ओर देखता रहा|

 उसकी इच्छा पूरी करने में कुछ कठिनाइयाँ तो थी किन्तु मेरे सहृदय पति ने एक दिन उसे एक फौजी जेकेट पहनाई, गाड़ी में बिठाया और ले गए उसे उसके गाँव जो पंजाब के जालन्धर नगर के आस-पास कहीं पर था| अपने गाँव को देख कर चिरागदीन बहुत भावुक हो गया| वो गाड़ी से नीचे उतर कर कितनी देर तक गाँव की गलियों में घूमता रहा| उस समय उसकी चाल में बच्चों जैसी उत्सुकता थी| बहुत से पुराने लोगों से वो अपने घर का पता पूछता रहा| उसकी पीढ़ी का शायद कोई नहीं बचा था उस गाँव में |उसे अपना घर तो नहीं मिला लेकिन घर के आस-पास के पुराने वृक्षों में वह अपना बचपन ढूँढता रहा|

मेरे पति ने परिहास में उससे कहा, “ बाबा! आराम से खेलिए इन गलियों मे| यहाँ से कोई आपको बंदी बना के नहीं ले जा सकता| आप ने जितना समय यहाँ बिताना है, बिताइए|”

वहाँ कितना समय बीता यह तो उस गाँव की गलियाँ और पुराने पेड़ ही बता सकते हैं| इस भावुक दृश्य के या तो वही गवाह थे और या थे मेरे पति| जैसे ही वापिस आने का समय हुआ, चिरागदीन ने अपने पैतृक गाँव की मिट्टी अपने दोनों हाथों में भर ली. उस मिट्टी को आँखों से लगाते हुए चिरागदीन ने भीगे हुए स्वरों में कहा, “ साहब जी! अगर देश का बंटवारा नहीं होता तो आज मैं इसी धरती पर खड़ा होता और अंत समय पर इसी मिट्टी में ही समा जाता|”

यह कहते हुए उसने उस मिट्टी को अपनी चादर के कोने में बाँध लिया| उस समय उसकी मानसिक परिस्थिति को मैं शब्द नहीं दे सकती| आप केवल उसे महसूस कर सकते हैं| वापिसी के सारे रास्ते पर चिरागदीन अपनी चादर के कोने में स्रुक्षित बंधी मिट्टी को बार बार छूता रहा| मानो अपने आपको भरोसा दे रहा हो कि उसकी सब से अमूल्य निधि उसके पास है| वापिस आकर जब मेरे पति ने उससे विदा ली तो उसने दोनों हाथ आसमान की ओर उठा कर इन्हें दीर्घ आयु का आशीर्वाद दिया और बड़ी आशा से इनसे पूछा, “ साहब जी!, क्या कभी ऐसा हो सकता है कि दोनों देश फिर से एक हो जाएँ?”

इस प्रश्न का उत्तर मेरे पति के पास भी नहीं था| इन्होने भी बस आकाश की ओर हाथ उठा कर विश्व शान्ति के लिए प्रार्थना ही की|

 लगभग छह महीनों के बाद ताशकंद समझौते के बाद भारतीय सेना को यह क्षेत्र पाकिस्तान को वापिस लौटाना था| मेरे पति इस वृद्ध दम्पति से मिलने गए| उन्होंने बड़े स्नेह से इन्हें गले लगाया, तस्वीर लेने को कहा और साथ में भेंट किया एक मिटटी का कटोरा और कुरान शरीफ की एक प्रति| विदा के समय दोनों की आँखें नम थीं| बंटवारा फिर से हो रहा था| सीमा रेखाएँ एक बार पुन: नक्शों पर खींची जा रहीं थी| किन्तु उस समय बर्की के उस छोटे से गाँव में केवल आपसी स्नेह, सद्भावना और मानवता की शीतल मंद हवा झूम रही थी|

यह दोनों उपहार कितने वर्षों तक हमारे घर सामान के साथ बंधे घूमते रहे| अपने ४० वर्ष के सैनिक जीवन में हमने कितने घर बदले, कितन नगर घूमे, इसकी कोई गिनती नहीं कर सकती| कुछ चीज़ें कहाँ खो गईं, पता ही नहीं चला| किन्तु कुछ तस्वीरों में हमारा कल अभी भी सुरक्षित है और उसी पिटारी से आज कुछ तस्वीरें आप के साथ साझा करते हुए मैं स्वयं भावुक हो रही हूँ|

 अब आप ही बताएँ कि इस युद्ध में किसकी हार हुई और किसकी जीत ?????

 

                       -----------------------0--------------------

 

ईमेल:  shashipadha@gmail.com


      

  

       


 



 डेस्क--- एक धरोहर 

                                               संस्मरण -शशि पाधा 

मन की गठरी खोली तो रुई के फाहों की तरह उड़ने लगी अतीत की स्मृतियाँ | बहुत कुछ उड़ता रहा और कुछ मेरे हाथ आया | हाथ आई उन सुधियों की एक कड़ी ----

हमारा परिवार सम्पन्न नहीं था लेकिन ख़ुशहाल था | बहुत कुछ नहीं था लेकिन चैन और संतुष्टि थी | अब सोचती हूँ तो लगता है कि सरस्वती माँ का निरंतर वास था वहाँ | गीत-संगीत, पुस्तकें -पत्रिकाएँ, पांडुलिपियाँ हमारे घर की निधियाँ थी | छोटे से आँगन में फल भी थे और फूल भी | वैसे कहने को लोहे का गेट था लेकिन अतिथियों का , मित्रों का आना-जाना इतना था कि गेट खुला ज़्यादा, बंद कम ही रहता था | वो दिन ही और थे | कोई पूछ के तो आता नहीं था और एक बार आ जाए तो उसका जाने का मन नहीं होता था | कुछ ऐसा सम्मोहन था उस घर का |

 मेरे उस घर में सुबह-शाम पूजा अर्चना तो होती ही थी लेकिन भजन संगीत रेडियो पर चलता ही रहता था | पिता मर्यादा पुरुषोतम राम के भक्त थे और माँ बाल गोपाल की | भाई शिव भक्त थे और हम छोटी बहनें माँ दुर्गा की | यूँ समझिये कि सारे ही देवी देवता हमारे अपने थे |घर में बहुत सी चीजें तो नहीं थी पर ज़रुरत की लगभग सारी थीं| कभी किसी चीज़ की कमी का आभास नहीं हुआ | यानी हमारा घर खुशियों से भरा था | घर की हर चीज़ का उतना ही आदर किया जाता था जितना घर के हर सदस्य का | चीज़ें भी सदस्य ही थीं क्यूँकि हर चीज़ के साथ कोई न कोई कथा-कहानी जुड़ी थी |

 हमारे घर में एक भी godrej की अलमारी नहीं थी और न ही किसी ट्रंक में कभी ताला लगा देखा | शायद उन दिनों ताले का रिवाज़ नहीं था या हमारे माता -पिता ने इसकी आवश्यकता ही नहीं समझी | घर की सब से मूल्यवान या यूँ कहूँ कि आदरयोग्य वस्तु थी मेरे पिता का डेस्क |

मेरे पिता एक प्रोफेसर थे इसलिए लिखने-पढ़ने का काम उनका शौक भी था और जीविका का साधन भी | उनके  लिखने के लिए एक डेस्क था | ऐसा डेस्क नहीं जैसा विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए होता है | उनका डेस्क वैसा था जैसा आपने फिल्मों में मुंशी जी के आगे या किसी सुनार की गद्दी के आगे रखा देखा होगा | छोटे छोटे चार पायों के ऊपर छोटे से बक्सेनुमा आकार का था लेकिन उसका ढक्कन थोड़ा ढलान देकर जोड़ा गया था | ऊपर कलम, पेन, दवात आदि रखने की जगह भी बनाई गई थी | मज़ेदार बात यह है कि इस डेस्क पर छोटा सा ताला लगा रहता था | पता नहीं क्यूँ ? क्यूँकि चाबी तो उसके साथ ही टंगी रहती थी | कोई खोलता ही नहीं था इसे | ऐसा ही अनकहा / अनलिखा अनुशासन था हमारे घर में |

वैसे तो यह डेस्क आकार में छोटा सा था लेकिन उसका उदर बड़ा था | यानी ज़रुरत की हर चीज़ उसमें विराजमान रहती थी | पेन,पेंसिलें, रूपये -पैसे , हम सब की जन्मपत्रियाँ,घर/ ज़मीन के आवश्यक कागज़ | और पता नहीं क्या-क्या| कभी टटोल के देखा ही नहीं | डेस्क के एक ओर पड़ी रहती थी मेरे पिता के नाम की मोहर,लाख ,छोटी सी मोमबत्ती| अब आप पूछेंगे मोहर और लाख क्यूँ भला ! 

मेरे पिता प्रोफ़ेसर थे और परीक्षक भी | बहुत से विश्विद्यालयों से उन्हें परीक्षा पत्र जाँच के लिए आते थे | जाँच के बाद इन परीक्षा पत्रों को खद्दर की एक थैली में बंद कर के, थैली को ऊपर से सी दिया जाता था | उस थैली की सिलाई पर थोड़े थोड़े फ़ासले के बाद मोहर लगा कर उसे सील कर दिया जाता था | इस कुशल कार्य में मैं अपने पिता की सहायक होती थी | मैं मोमबत्ती पर लाख पिघला कर थैली पर फैला देती और पिता जी झट से उस पर मोहर लगा देते | मुझे लगता जैसे मैंने अपनी आयु से बड़ा काम करना सीख लिया है |अब सोचती हूँ तो लगता है जाने कितने विद्यार्थियों के  भविष्य पर मोहर लगती थी इस प्रक्रिया में | 

वैसे तो पिता जी कोई वैद नहीं थे लेकिन स्वास्थ्य के लिए लाभप्रद कुछ पुड़ियाँ  वह इस डेस्क में रखते ही थे | ज़्यादा नाम तो याद नहीं लेकिन कुछ-कुछ गिना देती हूँ | जैसे – स्वर्ण भस्म, मोती-मूंगा भस्म, सूखे आंवले की भस्म | शायद और भी कुछ होता होगा | हाँ ! एक चीज़ और याद आई --- चाँदी के वर्क | वैसे तो आंवले और आम का मुरब्बा हम सभी खाते ही थे लेकिन जब कोई विशेष दिन होता या विशेष अतिथि आता तो उन को परोसे  गए मुरब्बे पर चाँदी का वर्क अवश्य लगाया जाता | ना! ना! याद आया कि जिस दिन खीर या फिरनी बनती थी, उस दिन भी |

इसी डेस्क के किसी कोने में सुरक्षित रखे रहते थे माँ के कुछ जेवर | कुछ इसलिए क्यूँकि दो बड़ी बेटियों और बेटे की शादी में जेवर बनवाने के लिए इसी कोने से कुछ न कुछ निकला होगा | और हाँ मुझे पता है कि माँ की नत्थ, माथे का टीका, दो जोड़ी झुमके, दो कंगन और कुछ अंगूठियाँ वहीं रखी थीं | पता इसलिए है कि घर में और कहीं ताला लगता नहीं था तो अंदाज़ से कह सकती हूँ | और क्या-क्या था, इसके विषय में कभी सोचा ही नहीं | हमारे लिए तो यह डेस्क ही बहुत ही मूल्यवान और महत्वपूर्ण चीज़ थी |

इसी डेस्क में रखे रहते थे चाँदी के रूपये ( सिक्के ) | याद आ रहा है कि उन सिक्कों पर माँ लक्ष्मी की तस्वीर होती थी | हर दीपावली पर इन्हें निकल कर साफ़ किया जाता था और पूजा के समय ठाकुर द्वारे में रखा जाता था | मेरे पिता महाराजा हरि सिंह और महाराजा कर्ण सिंह के समय उनके परिवार के धार्मिक अनुष्ठानों , जन्मोत्सवों में सादर आमंत्रित रहते थे | डॉ कर्ण सिंह के विवाह समारोह में भी वह मुम्बई में आमंत्रित थे | उन्हीं धार्मिक अनुष्ठानों में भेंट की हुई कुछ वस्तुएँ, कुछ तस्वीरें  भी उस छोटे से डेस्क में धरोहर के रूप में रखी रहती  थीं  |अब यह याद आता है कि मेरे मायके में जितना मान मेरे पिता का था , उतना ही शायद उनके डेस्क का भी था |

एक दिन अचानक ह्रदयाघात से पिता जी इस संसार को छोड़ कर चले गये | बहुत कठिन था उनकी वस्तुओं को संभालना | एक शाम मेरे भाई ने माँ से कहा , “पिता जी का डेस्क खोलें?” बैंक, ज़मीन, पेंशन आदि के कागज़ देख लेते हैं |”

मुझे याद है माँ ने केवल सिर हिला कर हामी भरी थी | भाई इस डेस्क को लेकर बैठक में आये | हम सब भाई-बहन नम आँखों से उसे देख रहे थे | मेरी बड़ी बहन (जिसे हम प्यार से बोबो कहते हैं) ने डेस्क पर अपना कोमल हाथ रखा | बड़े धीमे स्वर में बोबो ने कहा, “ मेरा बचपन इस डेस्क के आस पास खेलते ही बीता है | इसे कभी किसी को नहीं देना | यह हम सब की धरोहर है | पिता जी की अमूल्य निशानी |” 

 उस क्षण मैंने अपनी माँ को पहली बार फफ़क -फफ़क कर रोते देखा |पिता जी के स्वर्गवास को 13 दिन हो गये थे | मैंने अपनी विदुषी, संस्कारी, शालीनता की प्रतिमूर्ति  माँ को इन  13 दिनों में कभी रोते नहीं देखा था | वह केवल शून्य में ताकती थीं | जाने कितनी स्मृतियाँ जुड़ी होंगी उनकी इस डेस्क के साथ| मेरे माता-पिता के जीवन के उतार-चढ़ाव, सुख-दुःख के हर पल का मूक साक्षी जो था वह डेस्क |याद है कि उस दिन वह डेस्क नहीं खोला गया था |  

समय के साथ बहुत सी नई चीज़ें आईं मेरी माँ के घर में और बहुत सी निकली भी होंगी | लेकिन यह डेस्क अभी भी पड़ा है कमरे के उसी कोने में जहाँ शायद 100 वर्ष पहले मेरे पिता ने रखा था |

शशि पाधा 

इमेल : Shashipadha@gmail.com 

 



 


 





 

हमारे जम्मू में एक त्योहार है— तमदे या धर्म ध्याढ़ा | यानी धर्म का दिन| यह त्यौहार जून के महीने में आता है | इस दिन माँ ब्याही बेटी के घर घड़ा , चीनी , फल आदि भेजती है । साथ में आती है पंखी । मेरी बेटी को गर्मी न लगे , शायद यही सोच के । मुझे भी पंखी आती थी और हर बार कुछ नए रूप में सजी संवरी होती थी | मैंने उन्हीं भावों को शब्दों में ढाला था कुछ वर्ष पहले । अब इसे अपने मीठे सुरों से सजाया है मेरी प्यारी सी भतीजी देवी - प्रतिमा शर्मा ने । लीजिए आप भी सुनिए । धन्यवाद देवी ! Pratima Sharma बिटिया |

 



‘रूट्ट-राह्ड़े
(जम्मू का पौराणिक सांस्कृतिक त्योहार)
भारत के लोक जीवन में श्रावण मास का विशेष महत्व है |हिन्दू कैलेंडर के अनुसार श्रावण मास वर्ष का पांचवां माह होता है। अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार यह जुन-जुलाई के बीच आता है। श्रावण और भाद्रपद 'वर्षा ऋतु' के मास हैं। वर्षा नया जीवन लेकर आती है। मोर अपनी नृत्य भंगिमाओं के साथ वनों-उपवनों में वर्षा का स्वागत करते हैं | श्रवण मास का धार्मिक महत्व भी है | इस माह में हरियाली तीज,नाग पंचमी, रक्षा बंधन,कुमाऊँ क्षेत्र में ‘हरेला’ पर्व आदि धार्मिक एवं पौराणिक पर्व मनाये जाते हैं | भारत एक विशाल देश है | इसमें कई धर्म, कई संस्कृतियाँ पलती और फूलती आई हैं |और इन संस्कृतियों को एक लड़ी में पिरोते हैं हमारे त्योहार |
मैं जम्मू की हूँ | मेरी सुधियों की पोटली में बहुत से मेरे बचपन के खेल, लोकगीत और त्योहार हैं | एक त्योहार जिसकी सुधी मुझे हर श्रवण मास में आकर आनन्दित करती है उसका मेरी डोगरी भाषा में नाम है ---‘रूट्ट-राह्ड़े’|इसका शाब्दिक अर्थ तो मुझे पता नहीं लेकिन इसके साथ जुड़ी हर याद को आपके साथ साझा कर रही हूँ |
जम्मू क्षेत्र में यह त्योहार श्रावण मास की संक्रान्ति को मनाया जाता है | डोगरा बालिकाएँ घर- आँगन, या घर के पास किसी खुले -कच्चे स्थान में मिट्टी को हल्का सा खोद कर मिट्टी के फूटे घड़ों के मुख भाग को मिट्टी को हल्का सा खोद कर उसमें हल्का सा दबा देती हैं और उसमें चावल , बाजरा, तिल, उड़द, चारी आदि के बीज बो देती हैं|मुझे याद है मेरे बचपन के घर की छत कच्ची थी | हम सखियाँ वहीं पर राह्ड़े बीजती थीं |बीजने के बाद जो सब से मनोरंजक काम होता था, वह था राह्डों के इर्द-गिर्द सूखे रंगों से चित्र बनाना | यह सूखे रंग भी शायद हमारी बड़ी बूढ़ियाँ चावल पीस कर उसमें कहीं हल्दी , कहीं सूखी पत्तियों का चूरा,, कोयला पीस कर काला, पीले फूल पीस कर पीला आदि कई तरह के रंग हमें बना के दे देती थीं | अब तो शायद बाजारी रंगों का चलन होगा | विदेश में रह कर नहीं जानती |
अब इस त्योहार का कलात्मक कार्य शुरू होता था | लड़कियाँ अपने अपने राह्डों के इर्द-गिर्द कई प्रकार की आकृतियाँ, चित्र सूखे चावल के चूरे से चित्रित करती थीं और फिर उनमें मन-मर्जी के रंग भरती थी |कोई फूलों की कलियाँ,कोई आम , कोई मोर , कोई चिड़िया बनाता था | मुझे याद है कि मैं अधिकतर फूल ही बनाती थी क्यूँकि वह चित्रित करना थोड़ा आसान था | उसके बाद होता था सामूहिक भोज | हम सब लडकियाँ अपने अपने घर से थालियों में विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट भोज सजा कर राह्डों के स्थान पर ले जाती थीं | आयु में बड़ी दीदियाँ श्रावण मास से सम्बन्धित मीठे मीठे डोगरी लोक गीत गाती थीं| धीरे-धीरे नवविवाहिता लडकियाँ , महिलाएँ भी उस स्थान पर एकत्रित हो जाती थी और फिर गानों का रंगारंग वातावरण बन जाता था |
एक गीत जिसके कुछ बोल मुझे याद आ रहे हैं ----
“उड्ड मर कुंजड़िये मड़िये, सावन आया ई ओ , आहो
कियाँ उड्डा नीं अड़िये, देस पराया ई ओ आहो “
परदेस में रहती हूँ न इसलिए मुझे बचपन के यह त्योहार बार बार याद आते हैं | मैं हर वर्ष इन दिनों वहीं जम्मू की पंचतीर्थी की गलियों में पहुँच जाती हूँ और मन ही मन इस त्योहार को मना लेती हूँ | आइए आप भी मेरे साथ मनाइए |
शशि पाधा

* इसी श्रृंखला में कुछ दिनों के आपको जम्मू और हिमाचल के एक और लोक पर्व से परिचित कराऊँगी |
* Video courtesy Jammu Diary.