गुरुवार, 29 अक्तूबर 2015

दीपावली की शुभकामनाएँ - आप सब स्नेही मित्रों को

इस दीवाली
इस दीवाली दीप माल में
प्रेम का दीप जलाना मीता
हर घर में उजियारा छाए
ऐसी लौ जलाना मीता |

दीपों की लड़ियों में हम तुम
धूप किरन को गूँथेंगे
झिलमिल तारों की लड़ियों को
कंदीलों में बुन लेंगे
परहित जलती सूरज ज्योति
धरती पर ले आना मीता |
दीप वही जलाना मीता |

वैर- द्वेष की लाँघ दीवारें
मिलजुल पर्व मनायेंगे
हर देहरी रंगोली होगी
मंगल कलश सजायेंगे
नीले अम्बर की बदली से
नेह गगरी भर लाना मीता |
अँगना में बरसाना मीता |

चलो कहीं विश्वास जगा कर
अधरों पे मुस्कान धरें
चलो कहीं बाँटें फुलझड़ियाँ
मिश्री मेवे थाल भरें
आज किसी खाली झोली को
खुशियों से भर जाना मीता
ऐसा पर्व मनाना मीता |
शशि पाधा
Top of Form


"जहाँ मन होता है वहाँ मैं नहीं होती , जहाँ मैं होती हूँ वहां मन नहीं होता " ( मित्र श्याम जुनेजा की टिप्पणी से )


परदेसी मन

पता ठिकाना पूछता
जड़ें पुरानी ढूँढता
  घूम रहा परदेसी मन |
काकी चाची मामा मौसा
एक गली का इक परिवार
बीच सजा वो चाट खोमचा
आस –पास बसता संसार
    रोज़ हवा को सूँघता
    खुश्बू वो ही ढूँढता
    तड़प रहा परदेसी मन |
जुड़ी सटी सब छत मुंडेरें
रात आधी की कथा कहानी
खाट दरी बस चादर तकिया
मिट्टी की सुराही –पानी

        यादों में ही झूमता
        छत वही फिर ढूँढता
       पछताया परदेसी मन |
दोपहरी की धूप गुनगुनी
आंगन तकिया लंबी तान
पके रसोई चाय पकोड़ी
सर्दी से तब बचते प्राण

     उनींदा सा ऊँघता
     हरी चटाई ढूँढता
   पगला सा परदेसी मन |

संग मनाए मेले ठेले
चौगानों में तीज त्यौहार
आपस में बाँटे थे कितने
चूड़ी रिब्बन के उपहार

बिन झूले के झूलता
ठाँव वही फिर ढूँढता
बेचारा एकाकी मन |





शशि पाधा , 28 अक्टूबर 2015