शुक्रवार, 17 अगस्त 2018

स्वतंत्रता दिवस की अनंत शुभकामनाएँ  15 अगस्त , 2018

शत शत प्रणाम
****
पर्वतों से उन्नत हैं हौंसले जिनके 
चट्टानों से दृढ़ हैं संकल्प जिनके
भारत के उन वीर जवानों को
जन मानस का शत-शत प्रणाम|
दुर्गम पर्वतों पर दौड़ते चरण इनके
बर्फीली हवाओं को चीरते बदन इनके
दुश्मन की ताक में लगे नयन इनके
देश रक्षा ही जीवन के प्रण जिनके
भारत के उन वीर जवानों को
जन मानस का शत –शत प्रणाम|
तिरंगे की शान में है शान इनकी
सजग प्रहरी की है पहचान इनकी
युद्ध भूमि ही कर्मभूमि जिनकी
मातृभूमि ही माँ की गोद जिनकी
भारत के उन वीर जवानों को
जन मानस का शत –शत प्रणाम|
रक्त कण से सरहदें सींचते जाते
रणघोष से मंजिलें जीतते जाते
हर गोली को हँसते झेलते जाते
दुश्मन के सीने भेदते जाते
भारत के उन वीर सपूतों को
जन मानस का शत शत प्रणाम|
ऐ सरहदों पर लड़ने वाले वीरो!
माँ की लाज तुम्हारे हाथ है
हम याद दिलाएँ फिर तुमको
पूरा यह देश तुम्हारे साथ है
ऐ सीमाओं के प्रहरी! तुमको
जन मानस का शत शत प्रणाम|
शशि पाधा

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें